Paresh Rawal: अभिनेता परेश रावल ने अक्षय कुमार और पंकज त्रिपाठी की फिल्म ‘ओएमजी 2’ को लेकर एक बड़ा दावा किया है। एक्टर ने दावा किया कि ‘ओएमजी 2’ की कहानी असल में एक आइडिया के तौर पर शुरू हुई थी, जिसे उन्होंने डायरेक्टर अमित राय के साथ मिलकर डेवलप किया था। बाद में उन्हें ही इस कहानी या कॉन्सेप्ट का क्रेडिट नहीं दिया गया। एक्टर ने यह भी कहा कि अक्षय कुमार के इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के बाद कहानी में काफी बदलाव किए गए, जिसकी वजह से उन्होंने फिल्म से अलग होने का फैसला किया।
पिता-बेटे के रिश्ते पर आधारित थी असल कहानी
विक्की लालवानी के साथ यूट्यूब पर बातचीत में परेश रावल ने ‘ओएमजी 2’ को लेकर कई खुलासे किए। उन्होंने बताया कि उनकी ओरिजिनल कहानी पिता-बेटे के रिश्ते पर आधारित एक ड्रामा थी, जिसमें यौन शिक्षा, लोगों के बीच बेइज्जती और न्याय के लिए माता-पिता की लड़ाई जैसे मुद्दे शामिल थे। इसमें भगवान या किसी दैवीय किरदार का कोई रोल नहीं था और इसे कभी भी ‘ओएमजी’ के सीधे सीक्वल के तौर पर नहीं सोचा गया था। सबसे दुखद बात यह है कि मुझे कहानी या कॉन्सेप्ट का क्रेडिट तक नहीं दिया गया। मेरा नाम कहीं भी नहीं लिया गया।