Hydrogen Train: PM मोदी ने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, कहा- “जींद का घेवर वही, लेकिन तेवर बदल गए”

Hydrogen Train: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा में जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो जाएगा, जहां हाइड्रोजन ट्रेन चलती है। यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर लंबे रूट पर अपनी सेवाएं देगी। यह 10 कोच वाली ट्रेन शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेनों में से एक है।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से हरियाणा को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। कार्यक्रम के दौरान भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ सड़क, रेल, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

इसके साथ ही करीब 169 करोड़ से गांव उमरी में नेशनल हाईवे के समीप पांच एकड़ में बनने वाले प्रदेश के पहले अत्याधुनिक सिख म्यूजिमय का शिलान्यास भी किया। प्रधानमंत्री जींद से वर्चुअल माध्यम से रेलवे एलिवेटेड ट्रैक वह रेलवे स्टेशन का लोकार्पण किया। वहीं चार मंजिला बनने वाले सिख संग्रहालय का शिलान्यास भी किया।

पीएम मोदी ने कहा कि शक्तिपीठ माता जयंती का नाम और आशीर्वाद इस शहर पर बना रहता है। मेरे लिए तो जींद आना पुरानी यादों का झरोखा खोलने जैसा है। मैं बैठे-बैठे कई पुराने व परिचित चेहरे देख रहा था। कई दशक पहले मैं संगठन के काम से पहली जींद आया था। फिर आप लोगों ने मुझे जो अपनत्व व प्रेम दिया, वो आज तक मैं भूला नहीं हूं। मुर्रा भैंस का दूध-दही और घी। जींद का देसी बूरा और यहां का घेवर…ये वो यादें हैं जो जींद से जुड़ ही जाती हैं।

पांच देशों की सूची में शामिल-

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत ने हाइड्रोजन तकनीक के क्षेत्र में बड़ा संकल्प लिया है और इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। देश अब उन पांच देशों की सूची में शामिल हो गया है, जहां हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन का संचालन हो रहा है।

जींद में हाइड्रोजन प्लांट में हाइड्रोजन से बिजली तैयार की जाती है, जिससे यह ट्रेन संचालित होती है। इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इससे किसी प्रकार का धुआं या प्रदूषण नहीं फैलता। इसके उत्सर्जन के रूप में केवल पानी की बूंदें और जलवाष्प निकलती हैं, जिससे यह पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल तकनीक मानी जाती है।

इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा की करीब पौने तीन करोड़ जनता की ओर से आपका हृदय की गहराइयों से स्वागत करता हूं। आज का यह अवसर केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित भारत के अमृत संकल्प और राष्ट्र निर्माण की सामूहिक चेतना का प्रतीक है। आज सिर्फ परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास नहीं हो रहा, बल्कि यह दिन पूरे हरियाणा के लिए ऐतिहासिक बन गया है। ग्रीन एनर्जी के संकल्प का परिणाम है कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का गौरव हरियाणा और हमारे जींद को मिला है।

इसके साथ ही कहा कि आप 140 करोड़ भारतीयों के संकल्प के सारथी हैं। आपने केवल योजनाएं नहीं बनाईं, बल्कि देश की दशा और दिशा दोनों बदली हैं। आज भारत संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ रहा है। पहले भारत दुनिया से तकनीक मांगता था, लेकिन अब दुनिया भारत की तकनीक और नवाचार की ओर देख रही है। वैश्विक निवेशक भारत में अवसर तलाश रहे हैं। आज पूरी दुनिया कह रही है कि यह नया भारत है, यह मोदी की गारंटी वाला भारत है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *