PM Modi: ऑकलैंड में PM मोदी ने सुनाई 25 साल पुराने मफलर की कहानी

PM Modi: ऑकलैंड में PM मोदी का भावुक संबोधन 25 साल पुराना मफलर दिखाकर याद किया न्यूजीलैंड से जुड़ाव, 40 हजार प्रवासी भारतीयों से किया संवाद , न्यूजीलैंड दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑकलैंड के स्पार्क एरिना में आयोजित ‘किया ओरा मोदी’ कार्यक्रम में करीब 40 हजार प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया। अपने भाषण में पीएम मोदी ने भारत-न्यूजीलैंड के सांस्कृतिक, आर्थिक और मानवीय रिश्तों को रेखांकित करते हुए एक भावुक किस्सा साझा किया, जिसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का दिल जीत लिया।

25 साल पुराना मफलर आज भी संभालकर रखा

अपने संबोधन की शुरुआत “नमस्ते, किया ओरा न्यूजीलैंड” से करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भले ही प्रधानमंत्री के रूप में यह उनका पहला न्यूजीलैंड दौरा है, लेकिन 25-30 साल पहले भी उन्हें इस देश आने का अवसर मिला था।

उन्होंने उस यात्रा को याद करते हुए कहा, “उस समय किसी ने मुझे उपहार में एक मफलर, एक कैप और एक जोड़ी दस्ताने दिए थे। उनमें से यह मफलर मैं आज भी संभालकर रखे हुए हूं। मैंने वर्षों तक इसका उपयोग किया है और आज इसे विशेष रूप से अपने साथ लेकर आया हूं। जिस तरह मैं इस मफलर को सहेजकर रखता हूं, उसी तरह न्यूजीलैंड के लोगों का प्यार भी अपने दिल में संजोकर रखता हूं।”

पीएम मोदी के इस भावुक प्रसंग पर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।

भारत-न्यूजीलैंड रिश्तों में दोस्ती, विश्वास और प्रतिबद्धता

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के संबंध केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक और सांस्कृतिक आधार पर भी मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों में यादें, दोस्ती और भविष्य के लिए साझा प्रतिबद्धता शामिल है।

उन्होंने न्यूजीलैंड की खेल टीमों में भारतीय मूल के खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी और दोनों देशों के बीच व्यापारिक सहयोग का भी उल्लेख किया। साथ ही महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत में महिला सशक्तिकरण के नए अध्याय लिखे जा रहे हैं और महिलाओं के लिए अवसरों के द्वार लगातार खुल रहे हैं।

क्रिस्टोफर लक्सन ने की पीएम मोदी की सराहना

कार्यक्रम में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भी प्रधानमंत्री मोदी की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व करना एक असाधारण उपलब्धि है। लक्सन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में उल्लेखनीय सफलता मिली है। उन्होंने मोदी को दुनिया के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक बताते हुए भारत-न्यूजीलैंड मित्रता को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।

ऑकलैंड में दिखी ‘मिनी इंडिया’ की झलक

‘किया ओरा मोदी’ कार्यक्रम में भारतीय समुदाय का उत्साह देखते ही बन रहा था। भारत के राष्ट्रगान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को भारतीय रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में भारतीय मूल के हजारों लोगों ने भाग लिया और पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया। गौरतलब है कि न्यूजीलैंड में भारतीय मूल के लगभग 2.92 लाख लोग रहते हैं। ऑकलैंड के स्पार्क एरिना में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन सहित कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *