ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में दी ईरान को तबाही की धमकी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को पूरी तरह से तबाह करने धमकी दी है। सोशल मीडिया पर लिखे एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा, ‘अगर ईरान की सरकार ने अपनी उस धमकी पर अमल किया – जिसमें उसने अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति (यानी मुझ पर!) जानलेवा हमला करने या हत्या करने की बात कही है, तो ईरान पर 1000 मिसाइलें दागी जाने के लिए तैयार हैं। और इसके तुरंत बाद हजारों और मिसाइलें दागी जाएंगी। इसके लिए आदेश दिए जा चुके हैं और अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार और सक्षम है कि वह एक साल तक ईरान पर हमले जारी रखे और ईरान के हर इलाके को पूरी तरह तबाह और बर्बाद कर दे – अल्लाह आपका भला करें!’
इससे पहले न्यूयॉर्क पोस्ट से बातचीत में भी ट्रंप ने ईरान को हमले की धमकी दी थी। उन्होंने कहा, ‘बस एक बात है, मैंने निर्देश दे दिए हैं कि अगर मेरे साथ कुछ भी होता है, तो सचमुच उन पर ऐसे स्तर पर बमबारी की जाए, जैसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखी होगी।’ जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या इस्राइल ने उनके साथ यह खुफिया जानकारी साझा की है कि ईरान उनकी हत्या का प्लान बना रहा है, तो उन्होंने कहा, ‘नहीं, नहीं। इस्राइल से ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है।’
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ईरान कई वर्षों से उनकी हत्या करना चाहता है। उन्होंने कहा, मैं लंबे समय से ईरान की मारने वालों की सूची में पहले नंबर पर हूं और यही जिंदगी है।