Bankipur: बांकीपुर उपचुनाव, अब नीरज कुमार सिन्हा होंगे BJP के प्रत्याशी

Bankipur: बांकीपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी ने अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ को अपना उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने गुरुवार को नामांकन पत्र भी दाखिल किया था। हालांकि, अब उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया है। इससे इस सीट के चुनावी समीकरण बदल गए हैं। उनके इस फैसले के बाद भाजपा की अगली रणनीति और बांकीपुर सीट से नए उम्मीदवार को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। कुछ ही समय बाद भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को नया प्रत्याशी घोषित कर दिया।

अभिषेक कुमार बंटी ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए का उम्मीदवार बनाया था, जिसके लिए वह सभी नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। हालांकि, कुछ पारिवारिक कारणों के चलते वह यह चुनाव लड़ने में सक्षम नहीं हैं।

उन्होंने अपने पत्र में लिखा, ‘मुझे भारतीय जनता पार्टी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए का प्रत्याशी बनाया था। इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व का मैं हृदय से आभार प्रकट करता हूं। विनम्रतापूर्वक आग्रह है कि पारिवारिक कारणों से मैं विधानसभा उपचुनाव लड़ने में असमर्थ हूं।’
बांकीपुर सीट इस बार पहले से ही हाई-प्रोफाइल मुकाबले के कारण चर्चा में थी, क्योंकि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी इसी सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। ऐसे में भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ के नामांकन वापस लेने के बाद इस सीट का चुनावी समीकरण पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *