Jammu Kashmir:’राष्ट्रीय राजमार्ग NH-444 पर चल रहा निर्माण कार्य कुलगाम जिले में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस परियोजना के तहत ब्राजलू क्षेत्र में बनाया जा रहा महत्वपूर्ण और बड़ा पुल अब अपने निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच चुका है, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी और संतोष का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुल के पूरा होने से वर्षों से चली आ रही आवाजाही की समस्याओं में काफी कमी आएगी। उनके अनुसार यह पुल दो महत्वपूर्ण क्षेत्रों को आपस में जोड़ता है, जिससे लोगों की आवाजाही आसान होने के साथ-साथ यात्रा अधिक सुरक्षित और तेज़ हो जाएगी।
लोगों ने बताया कि फलों के मौसम के दौरान सेब और अन्य बागवानी उत्पादों को ले जाने वाले ट्रकों को इस पुल से बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे कश्मीर के फल समय पर देश की विभिन्न मंडियों तक पहुंच सकेंगे। उनका कहना है कि इस परियोजना से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी तथा किसानों और व्यापारियों दोनों को लाभ होगा।
स्थानीय लोगों ने सरकार और संबंधित निर्माण एजेंसियों से अपील की है कि NH-444 के शेष कार्यों को भी जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि आम जनता इस महत्वपूर्ण राजमार्ग का पूरा लाभ उठा सके।