US Iran War: ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। ईरान ने बहरीन और कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमले किए हैं। ईरानी सेना का दावा है कि उसने अमेरिका के कम से कम 85 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया और दक्षिणी ईरान में एक MQ-9 ड्रोन भी मार गिराया। ईरान का कहना है कि अमेरिका ने पहले उसके कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए, जो युद्धविराम का उल्लंघन था। इसके जवाब में ईरान ने बहरीन स्थित अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट बेस और कुवैत के अली अल-सलेम एयर बेस को निशाना बनाया।
वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) का कहना है कि उसने ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, कमांड सेंटर, तटीय रडार, एंटी-शिप मिसाइल ठिकानों और 80 से ज्यादा सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले किए हैं। अमेरिका का दावा है कि यह कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में की गई।
इस बीच, होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी विवाद जारी है। ईरान का कहना है कि इस समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को केवल उसके द्वारा मंजूर किए गए रास्तों का ही इस्तेमाल करना होगा। उसने चेतावनी दी है कि नियमों का पालन नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ईरान और अमेरिका दोनों एक-दूसरे पर हमलों और समझौतों के उल्लंघन के आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और स्थिति पर दुनिया की नजर है।