UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होता नजर आ रहा है। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली। पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी तराई तक बारिश का असर देखने को मिला और कई जिलों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।
सबसे अधिक 70 मिमी वर्षा सोनभद्र में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा ललितपुर में 69 मिमी, प्रयागराज में 58 मिमी और मिर्जापुर में 50 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं बरेली, बिजनौर, रामपुर, सहारनपुर, शामली, मेरठ और पीलीभीत समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने आज के लिए गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा और फिरोजाबाद समेत 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10 जुलाई तक मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। वहीं पूर्वी यूपी में अगले दो दिनों तक बारिश की रफ्तार थोड़ी धीमी रह सकती है, लेकिन 10 से 13 जुलाई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि लगातार बारिश के चलते अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी से और अधिक राहत मिलने की उम्मीद है।
लखनऊ में भी बदला मौसम का मिजाज
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को दिनभर मौसम सुहावना बना रहा। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही रही और दोपहर बाद कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 10 जुलाई तक शहर में छिटपुट बूंदाबांदी के आसार बने रहेंगे, जबकि इसके बाद अच्छी बारिश होने की संभावना है। मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री बढ़कर 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून और अधिक सक्रिय हो सकता है, जिससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी।