Uttarakhand: CM पुष्कर सिंह धामी ने रचा इतिहास, उत्तराखंड में 5 साल पूरे करने वाले भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने

Uttarakhand: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की राजनीति में नया इतिहास रच दिया है। धामी मुख्यमंत्री के रूप में पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले भाजपा के पहले नेता बन गए हैं। उन्होंने 4 जुलाई 2021 को पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और 2022 विधानसभा चुनाव के बाद 23 मार्च 2022 को दोबारा मुख्यमंत्री बने।

जब धामी को मुख्यमंत्री बनाया गया था, तब राज्य में राजनीतिक अस्थिरता का दौर चल रहा था। भाजपा ने पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की जगह तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री बनाया, लेकिन चार महीने बाद पार्टी नेतृत्व ने तीरथ सिंह रावत की जगह पुष्कर सिंह धामी को राज्य की कमान सौंप दी। 2022 के विधानसभा चुनाव में धामी अपनी खटीमा सीट हार गए थे। इसके बावजूद भाजपा ने उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया और विधानसभा चुनाव में मिली प्रचंड जीत के बाद उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री बनाया। बाद में धामी ने चंपावत उपचुनाव रिकॉर्ड मतों से जीतकर विधानसभा की सदस्यता हासिल की।

उत्तराखंड में भाजपा के कई मुख्यमंत्री बने, लेकिन कोई भी पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर सका। धामी से पहले नित्यानंद स्वामी, भगत सिंह कोश्यारी, भुवन चंद्र खंडूड़ी, रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, त्रिवेंद्र सिंह रावत और तीरथ सिंह रावत का कार्यकाल बीच में ही समाप्त हो गया था। ऐसे में धामी भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं, जिन्होंने पांच साल पूरे किए हैं।

उत्तराखंड के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड फिलहाल नारायण दत्त तिवारी के नाम है। उन्होंने 2 मार्च 2002 से 7 मार्च 2007 तक यानी 5 साल 5 दिन मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया था। धामी ने 4 जुलाई 2026 को पांच साल पूरे कर लिए हैं। 8 जुलाई को वे तिवारी के कार्यकाल की बराबरी करेंगे और 9 जुलाई को उत्तराखंड के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।

पुष्कर सिंह धामी जुलाई 2021 में 45 वर्ष 9 माह 18 दिन की उम्र में उत्तराखंड के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने थे। इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के नाम था।

धामी के नाम दर्ज हैं ये बड़े राजनीतिक रिकॉर्ड

2012 में पहली बार विधायक बने।

2021 में उत्तराखंड के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने।

2022 में विधानसभा चुनाव हारने के बावजूद दोबारा मुख्यमंत्री बने।

भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने, जिन्होंने पांच साल का कार्यकाल पूरा किया।

9 जुलाई 2026 को उत्तराखंड के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी के पांच साल पूरे होने के अवसर पर शनिवार से पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा शुरू किया जा रहा है। इसकी शुरुआत ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल परिसर में आयोजित कार्यक्रम से होगी। इस कार्यक्रम में राज्यपाल के पूर्व सलाहकार और पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री से शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और सौरभ बहुगुणा सहित भाजपा के कई विधायकों ने मुलाकात की। सभी ने धामी को मुख्यमंत्री के रूप में पांच वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *