Amarnath Yatra : सीएम योगी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पीएम मोदी ने श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं

Amarnath Yatra :अमरनाथ यात्रा विधिवत शुरू हो गई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुरक्षित, मंगलमय और सफल यात्रा की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच X पर कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा सनातन आस्था का एक भव्य महापर्व है। उन्होंने बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हो रहे सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं देते हुए प्रार्थना की कि भगवान शिव की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण का संचार हो।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देवों के देव महादेव और बाबा बर्फानी की असीम कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे। उन्होंने कामना की कि यह दिव्य यात्रा लोगों के जीवन में नई ऊर्जा, उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और सकारात्मकता लेकर आए तथा सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सफल हो।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में स्थित पवित्र अमरनाथ धाम की यात्रा करना स्वयं में सौभाग्य की बात है। हर वर्ष लाखों शिवभक्तों को बाबा बर्फानी के प्रत्यक्ष दर्शन का अवसर मिलता है, जो उनके जीवन का अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बन जाता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अमरनाथ यात्रा भारत की “एकता में अनेकता” की अद्भुत झलक प्रस्तुत करती है। उन्होंने यात्रा के सफल संचालन में जुटे सुरक्षा बलों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, सफाईकर्मियों और स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की।

पीएम मोदी ने इस वर्ष यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से पांच संकल्प लेने का भी आग्रह किया। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने, प्रशासन के निर्देशों और सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा मौसम और कठिन पहाड़ी मार्गों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे अपनी यात्रा के खर्च का कम से कम 10 प्रतिशत हिस्सा जम्मू-कश्मीर के स्थानीय उत्पादों की खरीद पर खर्च करें। इससे स्थानीय परिवारों, कारीगरों और युवाओं की आजीविका को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा का समापन इस वर्ष रक्षाबंधन के अवसर पर होगा, इसलिए श्रद्धालु ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एक पौधा उपहार स्वरूप देकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।

57 दिनों तक चलने वाली यह पवित्र यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु प्रबंधन के लिए इस बार डिजिटल निगरानी, सीसीटीवी नेटवर्क और RFID ट्रैकिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *