Rain Alert: हिमाचल में लगातार बारिश से हालात बिगड़े, 46 सड़कें बंद, बिजली और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित

Rain Alert:  हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) की गुरुवार सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार, बारिश के कारण राज्य में सड़कें बंद होने, बिजली आपूर्ति ठप होने और अन्य बुनियादी सेवाओं पर असर लगातार बढ़ रहा है। राज्य में 46 सड़कें बंद हैं। इनमें सबसे अधिक 18 सड़कें कुल्लू और 13 सड़कें मंडी जिले में भूस्खलन और बारिश के कारण बंद पड़ी हैं।

बारिश का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा है। राज्य में 181 बिजली वितरण ट्रांसफॉर्मर (DTR) बंद हो गए हैं। सबसे ज्यादा 122 ट्रांसफॉर्मर मंडी जिले में प्रभावित हुए हैं, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित है। इसके अलावा बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल में 6 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। संबंधित विभाग पानी की आपूर्ति बहाल करने का काम कर रहा है।

मानसून के दौरान अब तक मौसम से जुड़ी घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें कांगड़ा जिले में 3 और मंडी जिले में 1 व्यक्ति की जान गई है। वहीं, मानसून के दौरान हुए अलग-अलग सड़क हादसों में किन्नौर और मंडी में दो अन्य लोगों की भी मौत हुई है। लगातार बारिश से राज्य को अब तक 44.40 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। सबसे अधिक 24 लाख रुपये का नुकसान मंडी जिले में हुआ है, जबकि कांगड़ा में करीब 16 लाख रुपये की क्षति दर्ज की गई है।

प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव दल तैनात कर दिए हैं और सड़क, बिजली तथा पेयजल सेवाओं को जल्द बहाल करने का काम जारी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने, अनावश्यक यात्रा न करने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *