LPG Price: जुलाई महीने की शुरुआत आम लोगों और कारोबारियों के लिए राहत लेकर आई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की है। हालांकि, घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के LPG सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
183 रुपये तक सस्ता हुआ कमर्शियल सिलेंडर
नई कीमतों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम का कमर्शियल LPG सिलेंडर अब 3,113 रुपये से घटकर 2,930 रुपये का हो गया है। यानी सिलेंडर की कीमत में 183 रुपये की कमी की गई है। नई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू हो गई हैं।
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। इस बार जुलाई की शुरुआत राहत भरी रही है। पिछले कुछ महीनों में मध्य-पूर्व (Middle East) में बढ़े तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव के कारण कमर्शियल सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ाए गए थे। ऐसे में यह कटौती कारोबारियों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।
इस साल पहली बार घटी कीमत
साल 2026 में पहली बार कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम कम किए गए हैं। जनवरी 2026 में दिल्ली में 19 किलो वाला सिलेंडर करीब 1,691 रुपये का था, लेकिन इसके बाद लगातार बढ़ोतरी होती रही। मई में इसकी कीमत पहली बार 3,000 रुपये के पार पहुंच गई थी, जबकि जून में भी इसमें 42 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 3,113.50 रुपये तक पहुंच गई थी।
प्रमुख शहरों में कमर्शियल LPG के नए रेट दिल्ली: 2,930 रुपये, कोलकाता: 3,255.50 रुपये से घटकर 3,081.50 रुपये ,लखनऊ: 3,052.50 रुपये पटना: 3,227 रुपये नई कीमतें 1 जुलाई 2026 से प्रभावी हो चुकी हैं।
घरेलू LPG सिलेंडर के दाम स्थिर
कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कटौती के बावजूद घरेलू LPG सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। प्रमुख शहरों में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमतें इस प्रकार हैं: दिल्ली: 942 रुपये, कोलकाता: 968 रुपये, मुंबई: 941.50 रुपये, चेन्नई: 957.50 रुपये
घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल कीमतों में किसी राहत का इंतजार करना होगा, क्योंकि तेल कंपनियों ने इस बार घरेलू LPG सिलेंडर की दरों को यथावत रखा है।