Kangana Ranaut: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म Queen 2 की शूटिंग पूरी कर ली है। कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए यह खुशखबरी अपने प्रशंसकों के साथ साझा की। उन्होंने रैप-अप सेलिब्रेशन का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह फिल्म की पूरी टीम के साथ शूटिंग समाप्त होने का जश्न मनाती नजर आ रही हैं।

शूटिंग पूरी होने के साथ ही फिल्म अब पोस्ट-प्रोडक्शन के चरण में पहुंच गई है। हालांकि, निर्माताओं ने अभी तक इसकी आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है, लेकिन फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
‘क्वीन 2’ में कंगना एक बार फिर अपने लोकप्रिय किरदार ‘रानी’ के रूप में दिखाई देंगी। वर्ष 2014 में रिलीज हुई Queen ने बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ समीक्षकों का भी दिल जीता था। फिल्म का निर्देशन विकास बहल ने किया था और इसे हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में गिना जाता है।
मूल फिल्म की कहानी रानी मेहरा के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी शादी उसके मंगेतर विजय, जिसका किरदार राजकुमार राव ने निभाया था, द्वारा तोड़ दी जाती है। इसके बाद रानी अकेले ही अपने हनीमून पर यूरोप की यात्रा पर निकलती है, जहां वह आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और जिंदगी को नए नजरिए से जीना सीखती है।
फिल्म में लिसा हेडन, मिश बॉयको और जेफरी हो ने भी अहम भूमिका निभाई। वहीं, फिल्म का निर्माण अनुराग कश्यप, विक्रमादित्य मोटवाने और मधु मंटेना ने किया ने किया था, जबकि इसका लोकप्रिय संगीत अमित त्रिवेदी ने तैयार किया था।
अब दर्शकों को ‘क्वीन 2’ के जरिए रानी की नई यात्रा और उसके नए अनुभवों का बेसब्री से इंतजार है।