Akhilesh Yadav: पेपर लीक पर अखिलेश का हमला, देशभर में ‘विजन इंडिया’ आंदोलन शुरू करेंगे

Akhilesh Yadav:समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देश में लगातार हो रहे पेपर लीक और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए ‘विजन इंडिया’ नाम से एक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य देश को सकारात्मक, यथार्थवादी और प्रगतिशील दिशा देना है।

अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि ‘विजन इंडिया’ आंदोलन भारत को ‘नियो इंडिया’ में बदलने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेगा, जहां विकास और अवसर बिना किसी भेदभाव के सभी नागरिकों तक पहुंचेंगे।

उन्होंने कहा, “आज भारत ऐसा देश बन गया है जहां आम लोगों को हर कदम पर संघर्ष और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए हमने ‘विजन इंडिया’ का मार्ग चुना है, जो देश को सकारात्मक, व्यावहारिक और प्रगतिशील भविष्य की ओर ले जाएगा। यह अभियान बिना किसी पक्षपात और भेदभाव के देश और देशवासियों के समग्र विकास के लिए काम करेगा।”

उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के कारण शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बार-बार होने वाले पेपर लीक, परीक्षाओं का रद्द होना, रिक्त पदों पर भर्ती न होना तथा मूल्यांकन और आरक्षण व्यवस्था में कथित हस्तक्षेप ने युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना दिया है।

उन्होंने कहा, “लगातार पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताएं और बेरोजगारी ने युवाओं के सपनों को तोड़ दिया है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाया जा रहा है, प्राथमिक विद्यालय बंद हो रहे हैं और उच्च शिक्षा तक एक नकारात्मक सोच को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। ऐसे निराशाजनक माहौल में केवल दिखावटी सुधारों से काम नहीं चलेगा, बल्कि व्यवस्था में व्यापक और मूलभूत बदलाव की जरूरत है।”

अखिलेश यादव ने बताया कि ‘विजन इंडिया’ आंदोलन का पहला सम्मेलन 29 जून को प्रयागराज में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन का विषय होगा— “शिक्षा-परीक्षा: व्यवस्था ध्वस्त क्यों हुई?” जिसमें शिक्षा व्यवस्था, भर्ती प्रक्रियाओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *