Nirjala Ekadashi: हरिद्वार में निर्जला एकादशी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भक्तों ने लगाई आस्था की डुबकी

Nirjala Ekadashi: निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालु भारी संख्या में पहुंच रहे है। देश के कोने कोने से पहुंचे श्रद्धालु हरकी पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे है । गंगा घाटों पर सुबह से ही धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। वहीं बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

धर्मनगरी हरिद्वार में निर्जला एकादशी के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं ने सुबह से मां गंगा में स्नान कर पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य कर रहे है । गंगा घाटों पर श्रद्धालु जल, फल एवं अन्य वस्तुओं का दान कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन कर रहे हैं। सनातन धर्म में निर्जला एकादशी का विशेष महत्व माना जाता है और इस दिन गंगा स्नान तथा दान-पुण्य को अत्यंत फलदायी बताया गया है।एकादशी पर्व के मद्देनजर हरिद्वार प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए घाटों पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं तथा विभिन्न विभागों की टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हरिद्वार पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। एसपी क्राइम निशा यादव ने बताया कि निर्जला एकादशी मेले के लिए पूरे मेला क्षेत्र को विभिन्न जोन और सेक्टरों में विभाजित किया गया। प्रत्येक सेक्टर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और घाटों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *