Milkha Singh:भारत के महान धावक और “फ्लाइंग सिख” के नाम से प्रसिद्ध पद्मश्री मिल्खा सिंह की पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित देश के कई राजनीतिक नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मिल्खा सिंह भारतीय एथलेटिक्स के सबसे चमकदार सितारों में से एक थे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया और अपने शानदार प्रदर्शन से देश को नई पहचान दिलाई। वर्ष 1958 के कॉमनवेल्थ गेम्स में 440 यार्ड दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने इतिहास रचा था। वहीं, 1960 के रोम ओलंपिक में 400 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर उन्होंने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारतीय खेल जगत के अनुपम गौरव, अनुशासन और अद्भुत गति के प्रतीक ‘फ्लाइंग सिख’ पद्मश्री मिल्खा सिंह को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। उनका अथक परिश्रम, समर्पण और लक्ष्य के प्रति अडिग निष्ठा देश के युवाओं को सदैव प्रेरित करती रहेगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन करने वाले मिल्खा सिंह का जीवन धैर्य, अनुशासन और अटूट संकल्प का प्रतीक है। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें याद करते हुए कहा कि मिल्खा सिंह ने संघर्षों को अपनी ताकत बनाया और अपने सपनों को उपलब्धियों में बदल दिया। उनकी खेल प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण खेल जगत के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मिल्खा सिंह का दृढ़ संकल्प, अनुशासन और देशप्रेम आज भी खिलाड़ियों और युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देता है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मिल्खा सिंह ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और समर्पण के दम पर भारत की खेल विरासत को वैश्विक पहचान दिलाई। उनका संघर्षपूर्ण जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि “फ्लाइंग सिख” के नाम से विश्वभर में प्रसिद्ध मिल्खा सिंह ने अपने अदम्य साहस, अनुशासन और अथक परिश्रम से भारतीय खेल जगत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मिल्खा सिंह का जीवन आज भी करोड़ों युवाओं को कठिन परिस्थितियों में भी अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा देता है। गौरतलब है कि जून 2021 में मिल्खा सिंह का निधन हो गया था, लेकिन भारतीय खेलों में उनका योगदान और उनकी प्रेरणादायक जीवन यात्रा हमेशा देशवासियों के दिलों में जीवित रहेगी।