Ikka: बॉलीवुड के दमदार कलाकार सनी देओल और अक्षय खन्ना करीब 29 साल बाद एक बार फिर स्क्रीन शेयर करने जा रहे हैं। दोनों सितारे नेटफ्लिक्स की बहुप्रतीक्षित कोर्टरूम थ्रिलर ड्रामा फिल्म ‘इक्का’ में आमने-सामने नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज डेट से भी अब पर्दा उठ गया है। यह फिल्म 10 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।साल 1997 की सुपरहिट फिल्म बॉर्डर में अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीतने वाले सनी देओल और अक्षय खन्ना की जोड़ी को दोबारा देखने के लिए फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। अब उनका यह इंतजार खत्म होने वाला है।
नेटफ्लिक्स ने जारी किया नया पोस्टर
नेटफ्लिक्स ने फिल्म का नया पोस्टर जारी करते हुए सोशल मीडिया पर रिलीज डेट की घोषणा की। पोस्टर के साथ लिखा गया—”तारीख आ गई है.कानून के खेल में ‘इक्का’ जल्द उतरेगा। ‘इक्का’ देखें 10 जुलाई को, सिर्फ नेटफ्लिक्स पर।” फिल्म के टीजर में सनी देओल अपने चर्चित ‘एंग्री यंग मैन’ अंदाज में नजर आ रहे हैं, जबकि अक्षय खन्ना का गंभीर और प्रभावशाली किरदार कहानी में अलग ही रोमांच जोड़ता दिखाई देता है। दोनों कलाकारों का आमना-सामना फिल्म की सबसे बड़ी खासियत माना जा रहा है।
Tareekh aa gayi hai. Kanoon ke khel mein ikka jald utrega 🔥⚖️ pic.twitter.com/bZ7pEWPmCh
— Netflix India (@NetflixIndia) June 13, 2026
सनी देओल का OTT डेब्यू
‘इक्का’ सनी देओल के करियर की एक खास फिल्म है, क्योंकि इसके जरिए वह पहली बार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कदम रख रहे हैं। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने किया है, जबकि इसे एल्केमी फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में सनी देओल एक नए और बेहद दमदार अवतार में दिखाई देंगे।
क्या है ‘इक्का’ की कहानी?
मेकर्स के अनुसार, ‘इक्का’ की कहानी बेहद भावनात्मक और गहराई से लिखी गई है, जिस पर कई वर्षों तक काम किया गया। फिल्म दो कट्टर दुश्मनों के टकराव की कहानी है।
कहानी में एक नामी वकील को मजबूरी में ऐसे व्यक्ति का केस लड़ना पड़ता है, जिससे उसके और उसकी पत्नी के अतीत की दर्दनाक यादें जुड़ी होती हैं। यह एक इमोशनल कोर्टरूम थ्रिलर है, जिसमें एक पिता अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हर सीमा पार करने को तैयार हो जाता है। हालात ऐसे बनते हैं कि उसे अपने सिद्धांतों तक से समझौता करना पड़ता है और वह ‘शैतान से सौदा’ करने जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करता है।
फिल्म की कहानी अल्थिया कौशल और मयंक तिवारी ने लिखी है। सनी देओल और अक्षय खन्ना के अलावा फिल्म में तिलोत्तमा शोम, दीया मिर्जा, संजीदा शेख, शिशिर शर्मा और आकांक्षा रंजन कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि 29 साल बाद लौट रही सनी देओल और अक्षय खन्ना की यह जोड़ी दर्शकों के दिलों पर कितना असर छोड़ पाती है।