Bara Number: ‘बारा नंबर’ में दिखेगा हॉरर का नया अंदाज़, वीर दास ने किया स्टारकास्ट का ऐलान

Bara Number: अभिनेता, कॉमेडियन और फिल्म निर्माता वीर दास ने अपनी आगामी फिल्म ‘बारा नंबर’ की स्टारकास्ट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। यह फिल्म एक फाउंड-फुटेज साइकोलॉजिकल हॉरर प्रोजेक्ट है, जिसके जरिए वीर दास निर्देशन की दुनिया में अपना अगला बड़ा कदम रखने जा रहे हैं।

फिल्म में कई चर्चित और प्रतिभाशाली कलाकार नजर आएंगे। स्टारकास्ट में शीबा चड्ढा , अरुणोदय सिंह, अहसास चन्ना, अतुल कुलकर्णी ,निहारिका लायरा दत्त ,श्रिया पिलगांवकर ,सुहैल नय्यर, पूजा स्वरूप , और नवीन कौशिक शामिल हैं। वीर दास स्वयं भी इस फिल्म में अभिनय करते दिखाई देंगे।
फिल्म की खास बात इसका फाउंड-फुटेज फॉर्मेट है, जो भारतीय मुख्यधारा सिनेमा में अब तक कम देखने को मिला है। यह शैली दर्शकों को कहानी का हिस्सा महसूस कराती है और हॉरर के रोमांच को कई गुना बढ़ा देती है।

फिल्म से जुड़े एक अन्य महत्वपूर्ण नाम कवि शास्त्री हैं, जो इस परियोजना में क्रिएटिव प्रोड्यूसर की भूमिका निभा रहे हैं।

फिल्म को लेकर उत्साह जताते हुए वीर दास ने कहा कि इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत उन कलाकारों के साथ काम करने का अवसर है, जिनके काम की वह वर्षों से सराहना करते आए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कलाकारों ने अपनी-अपनी विशिष्ट प्रतिभा और अनुभव से कहानी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

वीर दास ने कहा,”इस प्रोजेक्ट को लेकर सबसे ज्यादा उत्साहजनक बात यह रही कि मुझे उन कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला, जिनके काम का मैं लंबे समय से प्रशंसक रहा हूं। हर कलाकार ने अपने शानदार प्रदर्शन से कहानी को और अधिक प्रभावशाली बनाया है।”

हालांकि फिल्म की कहानी को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन निर्माताओं ने संकेत दिए हैं कि आने वाले महीनों में ‘बारा नंबर’ से जुड़ी कई अहम जानकारियां और अपडेट्स दर्शकों के सामने लाए जाएंगे। यह फिल्म भारतीय हॉरर सिनेमा में एक नया प्रयोग साबित हो सकती है, जिस पर दर्शकों और फिल्म समीक्षकों की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *