Haryana: हरियाणा के हांसी में जिम संचालक की गोली मारकर हत्या, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Haryana:  हरियाणा के हांसी शहर में सुबह फव्वारा चौक के पास बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर एक जिम संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि एक युवती घायल हो गई, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है, जिम संचालक फव्वारा चौक स्थित दुकानों के रैंप क्षेत्र में युवाओं को एक्सरसाइज और फिटनेस प्रशिक्षण दे रहा था। इसी दौरान हेलमेट पहने दो अज्ञात बदमाश मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे और करीब से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने कुछ ही सेकंड में लगभग 10 राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

फायरिंग में जिम संचालक को पीठ और सिर में गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पास में वार्म-अप कर रही शिखा नामक युवती गोली के छर्रे लगने से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से सामने आए CCTV फुटेज को भी खंगाला जा रहा है, जिससे हमलावरों की पहचान और घटना के क्रम को समझने में मदद मिल सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी जांच में शामिल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *