Uttarakhand: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए करीब 89 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार के रोशनाबाद पुलिस लाइन में 120 टाइप-2 आवासीय क्वार्टरों के निर्माण के लिए 42.47 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके अलावा ऋषिकेश कोतवाली के पुराने और जर्जर आवासीय भवनों को हटाकर 36 टाइप-2 और 9 टाइप-3 आवासीय क्वार्टर बनाने के लिए 17.44 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
देहरादून जिला कारागार में बैरकों के ऊपर नई बैरक बनाने के लिए 59.78 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, विभिन्न पुलिस संस्थानों के लिए चालू वित्त वर्ष में 27.60 करोड़ रुपये जारी करने की भी मंजूरी दी गई है। उत्तरकाशी जिले की जखोल और डुंडा तहसील में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित 9 परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दी जाएगी। इन परिवारों को किराए के मकान में रहने के लिए 4,000 रुपये प्रति माह की दर से 6 महीने तक सहायता मिलेगी। इसके लिए कुल 2.16 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
अल्मोड़ा जिले की सल्ट विधानसभा के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में 10 हाईमास्ट लाइट लगाने के लिए 29.32 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, देहरादून जिले की विकासनगर विधानसभा में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 97.79 लाख रुपये की वित्तीय मंजूरी दी गई है, जिसमें 58.67 लाख रुपये पहली किस्त के रूप में जारी किए जाएंगे। राजस्थान के पुष्कर में स्थित उत्तराखंड आश्रम/धर्मशाला में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए 50 लाख रुपये की सहायता मंजूर की गई है। इस राशि से जनरेटर (जेनसेट), पानी की व्यवस्था, सोलर पैनल और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।