Litchi: वाणिज्य मंत्रालय ने बताया कि भारत ने असम से दुबई को एक टन जीआई-टैग वाली तेजपुर लीची का निर्यात किया है। ये कदम विदेशी बाजारों में इस प्रीमियम फल को बढ़ावा देने की दिशा में एक और कदम है, जो अपनी बेहतरीन मिठास, गहरे लाल रंग और खास खुशबू के लिए जाना जाता है।
मंत्रालय पूर्वोत्तर क्षेत्र से कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा दे रहा है।
मंत्रालय ने कहा कि तेजपुर क्षेत्र में लीची की कई खास किस्में उगाई जाती हैं, जिनमें बॉम्बैया, बिलाती, इलायची, पियाजी और शाही शामिल हैं।
मंत्रालय ने कहा, “जियोग्राफिकल इंडिकेशन (जीआई) स्टेटस ने तेजपुर लीची की पहचान और बाजार में उसकी साख को मजबूत किया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के बीच इसकी लोकप्रियता बढ़ी है और असम से प्रीमियम कृषि उत्पादों के निर्यात के लिए नए मौके बने हैं।”