Andhra Pradesh: विशाखापट्टनम प्लांट हादसे में डिप्टी सीएम ने किया मुआवज़े का ऐलान, कहा- 30 सालों में ऐसा कभी नहीं हुआ

Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए दर्दनाक धमाके पर गहरा दुख जताया, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई। उन्होंने मृतकों के परिवारों के लिए एक व्यापक मुआवज़ा पैकेज का ऐलान किया।

मंगलवार को पवन कल्याण ने विशाखापत्तनम के KIMS अस्पताल में स्टील प्लांट हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों और उनके परिवारों से मुलाक़ात की। उन्होंने हादसे के बारे में जानकारी ली और डॉक्टरों से घायलों की सेहत के बारे में पूछा। उन्होंने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी और हर संभव मदद दी जाएगी।

घटना की जानकारी देते हुए आंध्र के डिप्टी सीएम ने बताया कि धमाका शाम करीब 4:15 बजे रूटीन ऑपरेशन के दौरान हुआ। कल्याण ने पत्रकारों को बताया, “स्टील मेल्टिंग शॉप में कंटीन्यूअस कास्टिंग प्रोसेस के दौरान ज़बरदस्त धमाका हुआ। स्लाइड गेट का स्लाइडर खोलने से पहले अचानक धमाका हुआ। धमाके की वजह से आग लग गई जो छत तक फैल गई और एक ओवरहेड क्रेन में भी आग लग गई।”

मौतों की पुष्टि करते हुए उन्होंने कहा, “इस घटना में करीब आठ लोगों की जान चली गई। करीब छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें से दो को फर्स्ट और सेकंड-डिग्री बर्न (जलने की चोट) हुआ है। हम उनके बचने की उम्मीद कर रहे हैं और पूरी कोशिश कर रहे हैं। पूरी मशीनरी उन्हें बचाने के लिए काम कर रही है।”

डिप्टी सीएम ने पीड़ितों के परिवारों को दी जाने वाली आर्थिक मदद के बारे में भी विस्तार से बताया, जिसमें राज्य और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मिलने वाली मदद शामिल है। उन्होंने कहा, “रेगुलर कर्मचारियों के लिए ₹1.72 करोड़ और हर महीने पेंशन का फ़ायदा मिलेगा। कॉन्ट्रैक्ट वर्करों के लिए ₹45.7 लाख और हर महीने PF पेंशन दी जाएगी। इसके अलावा, हर मृतक कर्मचारी के लिए ₹25 लाख की अनुग्रह राशि (ex-gratia) दी जाएगी। साथ ही, प्रधानमंत्री ने भी PM राहत कोष से ₹2 लाख देने का ऐलान किया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *