Batwara 1947: सुपरस्टार सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर इतिहास के सबसे संवेदनशील अध्याय को जीवंत करने जा रहे हैं, आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले और निर्देशक राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ अब आधिकारिक तौर पर रिलीज के लिए तैयार है। पहले इस फिल्म का नाम ‘लाहौर 1947’ रखा गया था, लेकिन अब इसे बदलकर ‘बंटवारा 1947’ कर दिया गया है।
फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी और उसी दिन इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ भी रिलीज हो रही है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।
सनी देओल ने शुरू किया फिल्म का प्रमोशन
सनी देओल ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पहला आधिकारिक पोस्टर साझा करते हुए रिलीज डेट की घोषणा की। पोस्टर और टैगलाइन से साफ संकेत मिलता है कि यह फिल्म 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक और ऐतिहासिक ड्रामा है। फिल्म के पोस्टर के साथ लिखी गई लाइन—”नफरत और डर के बीच उसने बहादुरी दिखाना चुना” फिल्म की कहानी और सनी देओल के किरदार की झलक पेश करती है।
राजकुमार संतोषी और सनी देओल की हिट जोड़ी फिर साथ
‘गदर 2’, ‘जाट’ और ‘बॉर्डर 2’ जैसी सफल फिल्मों के बाद सनी देओल एक बार फिर दमदार अंदाज में लौट रहे हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी फिर साथ आई है। इससे पहले दोनों ने ‘घायल’, ‘घातक’ और ‘दामिनी’ जैसी यादगार फिल्में दी हैं।
In times of hatred and fear, he chose courage.
Watch #Batwara1947 in theatres from 14th August 2026.@iamsunnydeol @realpreityzinta @AzmiShabana @alifazal9 karandeol @sargam.singh44 @khhushihajare @kanikkakapur
@RajSantoshi @AKPPL_Official pic.twitter.com/WYnLAodPEB— Sunny Deol (@iamsunnydeol) June 9, 2026
दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल और उनके बेटे करण देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। पोस्टर में मशाल थामे सनी देओल, पुराने दौर की ट्रेन में बैठी प्रीति जिंटा और चारों ओर फैली आग की लपटें विभाजन की त्रासदी और उस दौर के दर्द को बयां करती दिखाई देती हैं।
चर्चित नाटक से प्रेरित है कहानी रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘बंटवारा 1947’ प्रसिद्ध साहित्यकार असगर वजाहत के चर्चित नाटक ‘जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जाम्या ही नई’ से प्रेरित है। असगर वजाहत को फिल्म में संवाद लेखन का भी श्रेय दिया गया है। फिल्म की तकनीकी टीम भी बेहद मजबूत है। सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी दिग्गज फिल्मकार संतोष सिवन ने संभाली है, जबकि साउंड डिजाइन और बैकग्राउंड स्कोर में ऑस्कर विजेता रेसुल पुकुट्टी का योगदान है।
ए.आर. रहमान और जावेद अख्तर का जादू
फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीतों को शब्द दिए हैं मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने। ऐसे में फिल्म के संगीत से भी दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।
स्वतंत्रता दिवस से पहले रिलीज होगी फिल्म
‘बंटवारा 1947’ ऐसे समय रिलीज हो रही है जब भारत 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाता है। भारत-पाक विभाजन की पीड़ा, विस्थापन और मानवीय संघर्ष की कहानी को बड़े पर्दे पर दिखाने वाली यह फिल्म दर्शकों के लिए एक भावनात्मक अनुभव साबित हो सकती है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सनी देओल की यह ऐतिहासिक फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा धमाका करती है और दर्शकों के दिलों में कितनी गहरी छाप छोड़ पाती है।