ED Raids: 142 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई, मिजोरम-म्यांमार सीमा से जुड़े 4 ठिकानों पर ED की छापेमारी

ED Raids: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को मिजोरम-म्यांमार सीमा, त्रिपुरा-बांग्लादेश सीमा और पश्चिम बंगाल में चार स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की गई है। अधिकारियों के अनुसार, ED के आइजोल सब-जोनल कार्यालय की कई टीमों ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 की धारा 17 के तहत तड़के यह संयुक्त अभियान शुरू किया। मामले से जुड़े संदिग्धों के ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई जारी है।

यह जांच नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) द्वारा दर्ज एक मामले से जुड़ी है। NCB ने 21 अगस्त 2025 को त्रिपुरा में 49.101 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (Methamphetamine) और 40 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। बरामदगी उन इलाकों से हुई थी जो अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के बेहद करीब हैं—त्रिपुरा में बांग्लादेश सीमा से लगभग 200 मीटर और मिजोरम में म्यांमार सीमा से करीब 500 मीटर की दूरी पर।

जांच में सामने आया है कि एक संगठित अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह म्यांमार से मिजोरम के चम्फाई और जोकहावथार सेक्टर के जरिए मेथामफेटामाइन की तस्करी कर रहा था। इसके बाद इन मादक पदार्थों को त्रिपुरा और अन्य स्थानों पर पहुंचाया जाता था।

अधिकारियों के मुताबिक, जांच में यह भी पता चला है कि ड्रग तस्करी से अर्जित धन को कई बैंक खातों और फर्जी कंपनियों (शेल एंटिटीज) के माध्यम से मनी लॉन्ड्रिंग कर वैध दिखाने की कोशिश की गई। ED ने अब तक इस मामले में 142 करोड़ रुपये से अधिक की अपराध से अर्जित संपत्ति (Proceeds of Crime) की पहचान की है, जो इस कथित ड्रग तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क के बड़े पैमाने को दर्शाता है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *