RBI: सोना बेचने की खबरें गलत, RBI ने नहीं बेचा ₹11 लाख करोड़ का सोना

RBI:  भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोने की बिक्री की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि भौतिक स्वर्ण भंडार में कोई बदलाव नहीं हुआ है और ये 880.52 टन पर स्थिर बना हुआ है। आरबीआई ने उन खबरों के बाद ये स्पष्टीकरण जारी किया है जिनमें दावा किया गया था कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के प्रभाव से विदेशी मुद्रा भंडार की रक्षा के लिए केंद्रीय बैंक ने लगभग 12 अरब डॉलर मूल्य का सोना बेच दिया है।

केंद्रीय बैंक ने बयान में कहा, ‘‘आरबीआई जोर देकर कहता है कि ये खबरें सही नहीं हैं।’’ उसने आम जनता को सलाह दी कि ऐसे मामलों में समय-समय पर आरबीआई द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

इस बीच, पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने भी इन खबरों पर तथ्य आधारित जांच (फैक्ट-चेक) रिपोर्ट जारी की। आरबीआई के अनुसार, भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी सितंबर 2025 के अंत में 13.92 प्रतिशत से बढ़कर 31 मार्च 2026 को 16.70 प्रतिशत और 22 मई 2026 तक 16.85 प्रतिशत हो गई है।

RBI ने अप्रैल में अपनी छमाही फॉरेक्स रिपोर्ट में बताया कि उसका अधिकांश विदेशी भंडार बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स के पास है. RBI की सालाना रिपोर्ट के अनुसार, 31 मार्च, 2026 तक, रिजर्व बैंक के पास कुल 880.52 मीट्रिक टन सोना था, जबकि 31 मार्च, 2025 तक यह 879.58 मीट्रिक टन था. इससे पता चलता है कि इस साल सोने की मात्रा में 0.94 मीट्रिक टन की बढ़ोतरी हुई है.

ये आंकड़े बताते हैं कि RBI ने वित्त वर्ष 26 के दौरान अपने सोने के भंडार को कम करने के बजाय उसमें और बढ़ोतरी की. रिपोर्ट में आगे यह भी बताया गया है कि केंद्रीय बैंक के पास मौजूद कुल 880.52 मीट्रिक टन सोने में से, 312.32 मीट्रिक टन सोना ‘इश्यू डिपार्टमेंट’ की संपत्ति के तौर पर रखा गया था, जबकि बाकी 568.20 मीट्रिक टन सोना ‘बैंकिंग डिपार्टमेंट’ के तहत रखा गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *