Noida Police: नोएडा में जुए के बड़े अड्डे पर पुलिस का छापा, होटल से 20 जुआरी गिरफ्तार

Noida Police: नोएडा के थाना सेक्टर-49 पुलिस ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-51 स्थित सनराइज होटल में चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर होटल में छापा मारकर 20 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से 1 लाख 62 हजार 250 रुपये नकद, 160 ताश के पत्ते, 22 मोबाइल फोन, सात दोपहिया वाहन और एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 1 जून 2026 को सुबह करीब 5:35 बजे गली नंबर-1 स्थित सनराइज होटल के बाहर की गई। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, राजस्थान और हरियाणा के निवासी शामिल हैं। इनमें पुष्कर पोरवाल (22 वर्ष, इटावा), अजमेरी खान (26 वर्ष, भिंड, मध्य प्रदेश), अमित (29 वर्ष, झांसी), सचिन गुप्ता (30 वर्ष, जेवर), मनोज कुमार (28 वर्ष, नोएडा), मोहम्मद शमीम (38 वर्ष, बिहार), चंदन (21 वर्ष, गोरखपुर), कपिल शर्मा (26 वर्ष, बुलंदशहर) समेत कुल 20 आरोपी शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे होटल के कमरे किराये पर लेकर आपसी सहमति से हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते थे। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि होटल को देवेश और सचिन नामक व्यक्तियों ने किराये पर लिया हुआ था और वही कमरे उपलब्ध कराकर जुआ खेलने में मदद करते थे। जुआ शुरू होने के बाद होटल का गेट बंद कर दिया जाता था ताकि किसी को इसकी भनक न लगे।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब होटल संचालकों और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *