IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम के लिए पूरी तरह तैयार, बोले RR के हेड कोच कुमार संगकारा

IPL 2026: श्रीलंका के दिग्गज क्रिकेटर और राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा का मानना है कि आईपीएल में विश्व स्तरीय गेंदबाजों के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन इस बात का स्पष्ट संकेत है कि वह भारतीय टीम के लिए खेलने को पूरी तरह तैयार हैं।

महज 15 वर्ष के सूर्यवंशी ने आईपीएल के अपने पहले पूर्ण सत्र में 237.31 की विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए।यदि रविवार को होने वाले फाइनल में शुभमन गिल या साई सुदर्शन उनसे आगे नहीं निकलते हैं, तो वह टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन सकते हैं।

सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह, कगिसो रबाडा और पैट कमिंस जैसे दुनिया के शीर्ष गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी कर अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया है।उनके प्रदर्शन ने इस धारणा को और मजबूत किया है कि वह लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट की सेवा कर सकते हैं।

सुनील गावस्कर सहित कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों की सराहना मिलने के बाद संगकारा ने भी संकेत दिया कि सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सर्वोच्च स्तर पर खेलने के लिए तैयार हैं। आईपीएल से राजस्थान रॉयल्स के बाहर होने के बाद संगकारा ने कहा, “किसी खिलाड़ी के बारे में तब तक निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता कि वह तैयार है या नहीं, जब तक वह उस स्तर पर खेल नहीं लेता। लेकिन वैभव ने दुनिया के कुछ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ जो प्रदर्शन किया है, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि वह किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुझे पूरा विश्वास है कि उसे बहुत जल्द भारतीय टीम से बुलावा मिलेगा।”

उन्होंने कहा कि सूर्यवंशी ने पूरे सत्र में परिपक्व बल्लेबाजी की और सलामी बल्लेबाज के रूप में अपनी जिम्मेदारी शानदार ढंग से निभाई। श्रीलंका के पूर्व कप्तान ने कहा, “उसने काफी परिपक्वता के साथ बल्लेबाजी की है। इस सत्र में उसने हमारे लिए सलामी जोड़ी की जिम्मेदारी बखूबी संभाली है।”

भारत की अगली टी20 श्रृंखला जून के आखिर में आयरलैंड के खिलाफ खेली जानी है और ऐसी संभावना जताई जा रही है कि सूर्यवंशी को उसी दौरे पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिल सकता है। युवा बल्लेबाज ने परिस्थितियों के मुताबिक ढलने की क्षमता भी दिखाई है। एलिमिनेटर मुकाबले में 29 गेंदों पर 97 रन की विस्फोटक पारी खेलने के बाद उन्होंने शुक्रवार को 47 गेंदों पर 96 रन बनाकर दिखाया कि परिस्थितियों के अनुरूप अपनी बल्लेबाजी शैली बदलने की क्षमता भी उनमें है।

संगकारा ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स को सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर बेहद गर्व है और टीम चाहती है कि वह आगे भी बेखौफ और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहें। उन्होंने कहा, “हमें उनके इस सत्र के प्रदर्शन पर बहुत गर्व है।हम चाहते हैं कि वह इसी इरादे और बेखौफ मानसिकता के साथ खेलते रहें तथा लगातार बेहतर होते रहें। मेरा मानना है कि आने वाले वर्षों में वह और भी बेहतर खिलाड़ी बनेंगे।”

आईपीएल के दो सत्रों के बीच सूर्यवंशी के विकास की योजना के बारे में पूछे जाने पर संगकारा ने कहा कि फ्रेंचाइजी अपने सभी खिलाड़ियों के लिए व्यक्तिगत विकास कार्यक्रम तैयार करती है, जिसमें फिटनेस, क्षेत्ररक्षण और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा, “हम अपने सभी खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग योजनाएं बनाते हैं। वैभव के मामले में भी यही प्रक्रिया अपनाई जाएगी। हम अपनी मेडिकल टीम के साथ बैठकर उनकी जरूरतों का आकलन करेंगे और उन्हें हरसंभव सहयोग देंगे।”

संगकारा ने बताया कि राजस्थान रॉयल्स अपने प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से सूर्यवंशी को अभ्यास के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराएगी। नागपुर के निकट तालेगांव स्थित टीम की सुविधाओं में भी उन्हें नियमित अभ्यास का मौका मिलेगा।

उन्होंने कहा, “हम केवल वैभव ही नहीं, बल्कि अपने सभी खिलाड़ियों पर करीबी नजर रखेंगे और उनके विकास में मदद करेंगे।” सूर्यवंशी जैसे स्वाभाविक और बेफिक्र अंदाज में खेलने वाले खिलाड़ी को अलग तरीके से प्रशिक्षित करने के सवाल पर संगकारा ने कहा कि टीम प्रबंधन उनके दिमाग पर अनावश्यक जानकारी का बोझ नहीं डालना चाहता। उन्होंने कहा, “हम उनके दिमाग में बहुत ज्यादा बातें नहीं भरते। वह टीम की सभी बैठकों में शामिल होते हैं, अपनी राय रखते हैं, ध्यान से सुनते हैं और काफी तैयारी भी करते हैं। वह गेंदबाजों के वीडियो देखते हैं, उन्हें समझते हैं और मैचों के लिए खुद को अच्छी तरह तैयार करते हैं।”

दूसरे क्वालीफायर के दौरान सूर्यवंशी के हेलमेट पर गेंद लगने की घटना का जिक्र करते हुए संगकारा ने कहा कि किसी भी बल्लेबाज के लिए ऐसी स्थिति डरावनी हो सकती है, लेकिन राहत की बात यह है कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *