Twisha Sharma: एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI जांच ने बड़ा मोड़ ले लिया है। जांच एजेंसी ने ट्विशा की सास, रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को स्पेशल कोर्ट में पेश किया। CBI की मांग पर कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 5-5 दिन की रिमांड पर भेज दिया है। अब दोनों से 2 जून तक गहन पूछताछ की जाएगी।
स्पेशल कोर्ट की जज शोभना भलावे ने CBI की दलीलों को सुनने के बाद रिमांड मंजूर की। खास बात यह रही कि आरोपी पक्ष के वकील ने भी रिमांड का विरोध नहीं किया। इससे पहले पति समर्थ सिंह पहले से ही 7 दिन की CBI रिमांड पर था, जो शुक्रवार को खत्म हुई।
CBI अब इस हाई-प्रोफाइल केस में कई अहम पहलुओं की जांच कर रही है। जांच एजेंसी दोनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि समर्थ सिंह फरारी के दौरान कहां छिपा रहा और किन लोगों ने उसकी मदद की।
गौरतलब है कि 12 मई को ट्विशा शर्मा अपने ससुराल स्थित घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शरीर पर एंटीमॉर्टम चोटों का जिक्र होने के बाद मामला और गंभीर हो गया। ट्विशा के परिवार ने दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और क्रूरता के आरोप लगाए हैं।
CBI अब व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्ड्स और गवाहों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। दिल्ली से भोपाल पहुंची CBI टीम ने घर की तलाशी भी ली। हालांकि गिरिबाला सिंह लगातार आरोपों से इनकार करते हुए इसे आत्महत्या बता रही हैं, लेकिन जांच एजेंसी को मिले शुरुआती सबूत कई सवाल खड़े कर रहे हैं।
ट्विशा के पिता ने CBI जांच पर भरोसा जताते हुए कहा है कि उन्हें न्याय की उम्मीद है। वहीं पूर्व जज पर लगे गंभीर आरोपों ने न्याय व्यवस्था को लेकर भी बहस छेड़ दी है। परिवार का आरोप है कि ट्विशा पर लगातार दहेज के लिए दबाव बनाया जा रहा था, जिसमें 2 लाख रुपये की मांग भी शामिल थी।
इससे पहले हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द करते हुए जांच में सबूतों की अनदेखी पर भी सवाल उठाए थे।