UP News: विवाह के छह महीने बाद महिला ससुराल में मृत पाई गई, परिवार का दहेज हत्या का आरोप

UP News: उत्तर प्रदेश के लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता का शव कथित तौर पर अपने घर में फंदे से लटका मिला, पुलिस के मुताबिक ये घटना सोमवार को हुई। मृतका की पहचान श्वेता सिंह (26) के रूप में हुई है।

श्वेता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने श्वेता सिंह के पति भूपेंद्र प्रताप सिंह उर्फ शुभम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। महिला के ससुर, सास, देवर और ननद के खिलाफ भी बीएनएस की धारा 80 (दहेज हत्या), 85 (पति या पति के रिश्तेदार द्वारा महिला पर क्रूरता करना) और दहेज निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ठाकुरगंज थाने के प्रभारी ओमवीर सिंह चौहान ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया कि श्वेता ने कथित तौर पर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके ससुराल वाले उसे अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

बयान में पुलिस ने कहा, “25 मई को ठाकुरगंज पुलिस थाना में शिकायतकर्ता उमेश कुमार सिंह (ठाकुरगंज पुलिस थाना क्षेत्र के निवासी) ने लिखित शिकायत दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी बेटी श्वेता सिंह (26) उर्फ ‘बौआ’ का विवाह 22 नवंबर, 2025 को लखनऊ के ठाकुरगंज क्षेत्र के काशी विहार निवासी भूपेंद्र प्रताप सिंह उर्फ ‘शुभम सिंह’ से हुआ था।

उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद उनकी बेटी का उसके पति और ससुराल वालों ने दहेज के लिए उत्पीड़न किया, विशेष रूप से चार पहिया वाहन की मांग को लेकर। 25 मई को उन्हें पता चला कि उनकी बेटी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

पुलिस ने बताया, “शिकायतकर्ता ने पति, सास, ससुर, देवर और ननद पर अपनी बेटी की हत्या करने और बाद में उसके शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है।” उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) कमलेश कुमार दीक्षित ने बताया, “मृतक के पति और ससुर को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। शिकायतकर्ता ने ये भी बताया कि उसकी बेटी के ससुराल वाले कम दहेज देने को लेकर हमेशा ताने मारते थे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *