Gulmarg: गुलमर्ग गोंडोला में सोमवार को अफरा-तफरी मच गई जब अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण केबल कार सेवा बीच में ही रुक गई। इस घटना के चलते करीब 300 पर्यटक हवा में ही अलग-अलग केबिनों में फंस गए। खबरों के अनुसार गोंडोला के संचालन के दौरान अचानक तकनीकी गड़बड़ी आ गई, जिससे केबल कार आगे नहीं बढ़ सकी और यात्री बीच रास्ते में ही अटक गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीम को मौके पर बुलाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार सभी फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और तकनीकी टीम भी खराबी को ठीक करने में जुटी हुई है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे राहत की बात है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल जरूर बन गया है, लेकिन रेस्क्यू टीम का कहना है कि सभी पर्यटक सुरक्षित हैं और जल्द ही उन्हें नीचे उतार लिया जाएगा।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजीपी नलिन प्रभात भी मौके के लिए रवाना हो गए, जबकि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पहले से ही घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी करते रहे। अधिकारियों के अनुसार बचाव अभियान तेजी और सावधानी के साथ चलाया गया, जिससे पर्यटकों में किसी तरह की अफरा-तफरी नहीं फैली। प्रशासन ने साफ किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।