Sonu Nigam: गायक सोनू निगम 21 अगस्त को अबू धाबी के यास आइलैंड पर स्थित एतिहाद एरिना में अपने वर्ल्ड टूर ‘द रिवॉल्यूशन’ की शुरुआत करेंगे। ये यूएई की राजधानी में उनका पहला सोलो एरिना शो होगा।
इस कॉन्सर्ट का आयोजन एंटरटेनमेंट एजेंसी ‘ब्लू ब्लड’ द्वारा, ‘डिपार्टमेंट ऑफ कल्चर एंड टूरिज्म – अबू धाबी’ और ‘मिराल’ के साथ मिलकर किया जा रहा है। इस शो के जरिए सोनू निगम भारत के सबसे मशहूर गायकों में से एक के तौर पर अपने 30 साल पूरे होने का जश्न मनाएंगे।
इस कॉन्सर्ट में उनके रोमांटिक गानों और बॉलीवुड के क्लासिक गानों के साथ-साथ, जोश भरे गानों और नए गानों का भी जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा। उनके साथ एक लाइव बैंड और शानदार ऑडियो-विज़ुअल प्रोडक्शन भी होगा।
सोनू निगम ने एक बयान में कहा, “अबू धाबी मेरे दिल में एक खास जगह रखता है। मैं इस शहर में ‘द रिवॉल्यूशन’ टूर शुरू करने को लेकर बहुत उत्साहित हूं, क्योंकि इस शहर ने हमेशा मुझे बहुत प्यार दिया है। यह टूर पिछले 30 सालों में हमारी साझा म्यूज़िकल यात्रा का एक जश्न है, और मैं अपने फैंस के साथ इस बिल्कुल नए एरिना अनुभव को शेयर करने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा हूं।”
अबू धाबी के बाद ये टूर यूनाइटेड किंगडम, उत्तरी अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड में भी जाएगा।