Gujarat: हत्या का दोषी 12 साल बाद गिरफ्तार, फिल्मों में कर रहा था अभिनय

Gujarat: गुजरात के अहमदाबाद में हत्या के एक दोषी को पैरोल की अवधि समाप्त होने के पश्चात जेल नहीं लौटने के 12 साल बाद गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ठिकाने और नाम बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा और इस दौरान उसने बड़ी कंपनियों की कुछ बॉलीवुड फिल्मों में छोटे-मोटे किरदार भी निभाए।

अहमदाबाद अपराध शाखा ने बुधवार को यहां एक मेट्रो स्टेशन के पास दोषी हेमंत मोदी (53) को गिरफ्तार किया। हेमंत मोदी के खिलाफ 2005 में अहमदाबाद में हत्या और दंगा करने का मामला दर्ज किया गया था। शहर के पार्श्वनाथ इलाके में अवैध सीढ़ियों को लेकर विवाद हुआ था।

हेमंत मोदी के भाई समेत एक समूह ने 15 जून 2005 शिकायतकर्ता अजय पटेल और उनके दोस्त नरेंद्र कांबले से झगड़ा किया। इस झड़प में कांबले की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार अगस्त 2008 में अदालत ने हेमंत मोदी समेत सभी दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, मेहसाणा जिला जेल में सजा काट रहे दोषी को 2014 में गुजरात उच्च न्यायालय ने 30 दिन की पैरोल दी।

लेकिन वे निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद जेल वापस नहीं लौटा। इसके बाद उच्च न्यायालय ने उसी साल जुलाई में उसे फरार घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने कई बार ठिकाने बदले। पुलिस ने बताया कि 2014 से 2015 के बीच वह गुजरात के पाटन जिले में रहा और बाद में ‘ट्विंकल दवे’ नाम अपनाकर अहमदाबाद आ गया।

पुलिस ने बताया कि वह शहर में बतौर ‘पेइंग गेस्ट’ रहता था और 2017 तक एक निजी कंपनी में काम करता रहा। पुलिस के अनुसार 2017 से 2025 के बीच वह मुंबई में रहा, जहां उसने कई बॉलीवुड फिल्मों में सहायक अभिनेता के रूप में काम किया।

उसने हिंदी और गुजराती फिल्मों, वेब सीरीज और दोनों भाषाओं के नाटकों में भी काम किया। अधिकारिक बयान के अनुसार उसने ‘ठग्स ऑफ हिंदुस्तान’ में अमिताभ बच्चन और आमिर खान के साथ और ‘जयेशभाई जोरदार’ में रणवीर सिंह के साथ काम किया।

पुलिस ने बताया कि उसे बुधवार दोपहर करीब एक बजे गिरफ्तार कर लिया गया। अपराध शाखा उसे मेहसाणा जिला जेल को सौंप देगी ताकि वह अपनी शेष सजा काट सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *