IPL 2026: इरफान पठान ने की वैभव सूर्यवंशी की तारीफ, कहा- गेंदबाजों में गेल की तरह ही कर रहा खौफ पैदा

IPL 2026: भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी गेंदबाजों के दिलो दिमाग में इस तरह का खौफ पैदा करेंगे जैसा वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाज क्रिस गेल ने अपने चरम पर रहते हुए किया था।

सूर्यवंशी आईपीएल के मौजूदा सत्र में अभी तक 53 छक्के लगा चुके हैं और गेल के 2012 में लगाए गए 59 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब पहुंच गए हैं। इस 15 वर्ष के बल्लेबाज ने बुधवार को राजस्थान रॉयल्स की तरफ से लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 38 गेंद में 93 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और सात चौके शामिल हैं।

इस तूफानी पारी की बदौलत उनकी टीम ने 221 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए सात विकेट से आसान जीत हासिल की। पठान ने कहा, ‘‘उसे रोकना बहुत मुश्किल है। अपनी शुरुआती 10 गेंदों में वह 100 से कम के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहा था और आखिर में उसने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन बनाए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वे वास्तव में क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। गेंदबाज होने के कारण हम हमेशा क्रिस गेल का सामना करने से डरते थे। वैभव सूर्यवंशी वही खौफ पैदा कर रहा है। गेल का रिकॉर्ड निश्चित रूप से खतरे में है।’’

भारत के एक अन्य पूर्व खिलाड़ी संजय बांगड़ ने कहा कि उनके पास सूर्यवंशी की प्रतिभा का वर्णन करने के लिए शब्द नहीं हैं। बांगड़ ने कहा, ‘‘इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। इस युवा लड़के की प्रतिभा का वर्णन शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उनके कुछ शॉट तो वाकई असाधारण थे। वह जहां भी जाएंगे और जहां भी खेलेंगे, निश्चित रूप से दर्शकों को आकर्षित करेंगे।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *