Twisha Sharma: ट्विशा शर्मा की मौत का मामला, मृतका के परिवार ने CBI जांच की मांग की

Twisha Sharma: मध्य प्रदेश के भोपाल में इस हफ्ते की शुरूआत में मृत पाई गई 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा के परिजनों ने सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की और एम्स दिल्ली में शव के दोबारा पोस्टमार्टम की अपील की है। : मृतका के वकील पति और पूर्व न्यायाधीश उसकी सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोपों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने कहा, “शव के सड़ने से पहले हम चाहते हैं कि तुरंत दूसरा पोस्टमार्टम कराया जाए। शव को दूसरे पोस्टमार्टम के लिए दिल्ली भेजा जाए। दूसरा, हम सर्वोच्च न्यायालय की देखरेख में एक स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे हैं।” नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल स्थित कटारा हिल्स इलाके में अपने पति के घर में फांसी पर लटकी हुई मिलीं।

पुलिस के अनुसार उनकी मुलाकात भोपाल के वकील समर्थ सिंह से 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी और उन्होंने दिसंबर 2025 में उनसे शादी कर ली थी, ट्विशा के परिवार ने समर्थ सिंह और उसकी सास गिरिबाला सिंह (जो पूर्व न्यायाधीश हैं) पर हत्या का आरोप लगाया है। ट्विशा की सास ने दावा किया कि वो ड्रग्स ले रही थी और यही आत्महत्या का कारण हो सकता है।

पिता ने कहा, “वे ड्रग्स के आरोप लगा रहे हैं लेकिन ये आरोप झूठे हैं। वास्तव में अगर ड्रग्स से जुड़ा कोई मामला बनता है तो वो उनके अपने बेटे के खिलाफ होना चाहिए क्योंकि पूरी दुनिया जानती है कि वो ड्रग्स का आदी है। मुझे पूरा शक है कि ये हत्या थी।” ट्विशा का शव पिछले पांच दिनों से एम्स, भोपाल के मुर्दाघर में रखा हुआ है, ट्विशा के परिवार के अनुसार वो भोपाल छोड़कर नोएडा लौटना चाहती थी।

परिवार ने ये भी दावा किया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे तक, यानी अपनी मौत से कुछ ही वक्त पहले तक, वह उनके संपर्क में थी। ट्वीशा की मां ने कहा, “आखिरी बार जब हमने उनसे बात की, तो वो रो रही थीं क्योंकि उनका पति उन्हें परेशान करता था, ताने मारता था और हम सभी को गालियां देता था, मेरी बेटी के पास 20 लाख रुपये थे। वे उससे कह रहे थे कि वो पैसे संयुक्त खाते में रखे।” भोपाल पुलिस ट्विशा के पति और सास की तलाश कर रही है, जो फरार हैं।

एसआईटी का नेतृत्व कर रहे सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश कश्यप ने कहा,”फरार आरोपियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। इनाम की घोषणा कर दी गई है और तलाशी के लिए कई टीमें तैनात की गई हैं। आरोपियों का पता लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्य और अन्य उपलब्ध सुरागों का इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही, मामले की जांच जारी है और टीम जांच के दौरान सामने आए सभी नए तथ्यों की पड़ताल कर रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *