Uttarakhand: नवनियुक्त सरकारी कर्मचारियों को CM धामी ने लिखा पत्र, उज्ज्वल भविष्य के लिए दी शुभकामनाएं

Uttarakhand: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले चार वर्षों में सरकारी सेवा के लिए चयनित कर्मचारियों को डिजिटल पत्र भेजकर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, अपने पत्र में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने उन्हें दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर दिया। इस जनादेश की भावना के अनुरूप राज्य सरकार ने कार्यभार संभालते ही बेरोजगारी दूर करने और विभिन्न विभागों के रिक्त पदों को भरने के लिए व्यापक भर्ती अभियान शुरू किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले चार वर्षों में 30,000 से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है और भर्ती प्रक्रिया लगातार जारी है।धामी ने कहा कि अब युवाओं को उनकी प्रतिभा और मेहनत के आधार पर सरकारी नौकरी मिल रही है। उन्होंने कहा, “युवाओं की मेहनत और क्षमता के साथ-साथ राज्य सरकार के सख्त नकल विरोधी कानून तथा निष्पक्ष, पारदर्शी और ईमानदार भर्ती प्रक्रिया ने यह सुनिश्चित किया है कि योग्य उम्मीदवारों को उचित अवसर मिले।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का कर्मचारी चुना जाना न केवल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों के लिए, बल्कि राज्य सरकार के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने नव नियुक्त कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ करें तथा मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा के लिए समर्पित रहें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुछ चयनित युवाओं से फोन पर बातचीत कर उन्हें जनसेवा में उत्साहपूर्वक योगदान देने के लिए प्रेरित भी किया।

इससे पहले मुख्यमंत्री धामी ने रविवार को सितारगंज में सिसौना नदी पर लगभग 11.41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 150 मीटर लंबे सीसी पुल का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के करीब 50,000 लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और SIDCUL सितारगंज तथा सिसौना ब्लॉक कार्यालय की दूरी लगभग 9 किलोमीटर कम हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *