Punjab: केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बताया है कि भारतीय रेलवे ने अमृतसर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए 402 करोड़ रुपये और नए प्लेटफॉर्म के लिए अतिरिक्त 100 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
रेलवे राज्य मंत्री बिट्टू ने कहा कि इस परियोजना का मकसद अमृतसर के पवित्र शहर को एक नई पहचान देना है। साथ ही यात्रियों को विश्व-स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। “आज पंजाब और देश के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण पल है, क्योंकि हम प्रतिष्ठित अमृतसर जंक्शन रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ये एक ऐसा स्टेशन है जो महज एक परिवहन केंद्र से कहीं बढ़कर है।”
अमृतसर जंक्शन रेलवे स्टेशन से अमृतसर और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली 14664/14663 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के बाद बिट्टू ने कहा, “ये आस्था, देशभक्ति, संस्कृति और भारत की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है।” अमृतसर और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच 14664/14663 अमृत भारत एक्सप्रेस सेवा को हरी झंडी दिखाते हुए बिट्टू ने कहा कि इस सेवा की शुरुआत उत्तरी और पूर्वी भारत के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
ये ट्रेन पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच यात्रा करने वाले प्रवासी मजदूरों, छात्रों, व्यापारियों, पर्यटकों, तीर्थ यात्रियों और परिवारों को किफायती, आरामदायक और आधुनिक लंबी दूरी की यात्रा सुविधाएं प्रदान करके उन्हें काफी फायदा पहुंचाएगी।