NEET: NEET 2026 पेपर लीक मामले पर आज शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) नीट यूजी-2026 की दोबारा परीक्षा की नई तारीख की घोषणा कर दी है। परीक्षा की नई तारीख 21 जून तय की गई है, तारीख की घोषणा के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा, हम छात्रों के भविष्य के प्रति संंवेदनशील हैं। माफियाओं को सफल नहीं होने देंगे।
ऐसे लोगों के खिलाफ सरकार बर्दाश्त न करने की नीति अपना रही है। शिक्षा मंत्री ने इस बात को माना कि नीट का पेपर लीक हुआ। उन्होंने माना कि राधाकृष्णन आयोग की रिपोर्ट को पूरी तरह से लागू करने के बावजूद कमान श्रृंखला में सेंध लगी थी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) इस मामले की तह तक जाएगी। गड़बड़ी की कोशिश करने वालों को सजा दी जाएगी। दोबारा परीक्षा देने में छात्रों पर कोई आर्थिक बोझ न आए इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुधार के लिए कई सुझाव आए हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा, अभी एनटीए ने नीट-यूज की नई परीक्षा की तारीख की घोषणा की है। 21 जून को दोबारा परीक्षा की तारीख की घोषणा की है। छात्रों का भविष्य, उनके परिश्रम के प्रति संवेदनशीलता हमारी प्राथमिकता है। तीन मई को परीक्षा हुई थी और सात मई को एनटीए के पास कहीं से आपत्ति आई कि गेस पेपर में ऐसे कुछ प्रश्न आए हैं, जो इस बार के पेपर में थे। एनटीए और सरकार ने तुरंत उसकी जांच की। राज्यों की एजेसियों से संपर्क किया गया। जब हम स्पष्ट हुए कि इस बार पेपर लीक हुआ है, हम नहीं चाहते थे कि शिक्षा माफियाओं के षड्यंत्र के कारण किसी भी सही छात्र के अधिकार वंचित हो जाएं।
इसलिए हमने 12 मई को परीक्षा को रद्द कर दिया। हमने आज परीक्षा की नई तिथि की घोषणा की। यह परीक्षा माफियाओं और असामाजिक तत्त्वों के खिलाफ लंबी लड़ाई है। तकनीक के समय में एक चुनौती बन रही है। विभिन्न प्रकार के सोशल मीडिया हैंडल से भ्रमात्मक तथ्यों को रखा जाता है, गुमराह करने की कोशिश की जाती है। सरकार ने सीबीआई को(जांच के लिए) काम सौंपा है। सीबीआई ने त्वरित कार्रवाई शुरु की है और इस बार सीबीआई तह तक जाएगी। सभी विभागों ने इसे गंभीरता से लिया है। हम इस बार गड़बड़ी नहीं होने देंगे। यह छात्रों के पक्ष में निर्णय लिया गया है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, साइबर अपराध एक बड़ी चुनौती है. 120 टेलीग्राम चैनल ब्लॉक किए गए है. NEET से संबंधित सामग्री WhatsApp के जरिए भी फैलाई गई थी. हम इस पर गलत प्रैक्टिस होने नहीं देंगे. आने वाली परीक्षा से शिक्षा माफिया दूर रहें वरना उनको कीमत चुकानी होगी. समाज से हम अपील करेंगे कि वो अच्छी प्रैक्टिस करें. लेकिन बड़े लक्ष्य के लिए कठोर निर्णय लेना पड़ा है.