Trump: चीन यात्रा से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अपनी मुलाकात के दौरान “काफी कुछ” हासिल करने की उम्मीद है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने शी जिनपिंग के साथ अपने “संबंधों” का जिक्र करते हुए कहा कि ईरान से चीन को कोई जहाज नहीं भेजा गया है, जबकि चीन ईरानी तेल पर बहुत निर्भर है।
पिछले साल लगाए गए जवाबी प्रतिबंधों के बाद दोनों देश व्यापार संबंधों को स्थिर करने की भी उम्मीद कर रहे हैं। ट्रंप की बीजिंग यात्रा में अमेरिकी सीईओ का एक बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी उनके साथ शामिल हो सकता है। अमेरिकी मीडिया ने बताया कि व्हाइट हाउस ने शीर्ष सीईओ को आमंत्रित किया है, जिनमें एलोन मस्क (टेस्ला), टिम कुक (एप्पल), लैरी फिंक (ब्लैक रॉक) और केली ऑर्टबर्ग (बोइंग) शामिल हैं, ताकि वो इस हफ्ते ट्रंप की चीन यात्रा में उनके साथ शामिल हो सकें।
ट्रंप के प्रतिनिधिमंडल में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ होने वाली बैठकों में ब्लैकस्टोन के स्टीफन श्वार्ज़मैन, कारगिल के ब्रायन साइक्स, सिटीग्रुप की जेन फ्रेज़र, सिस्को के चक रॉबिन्स, कोहेरेंट के जिम एंडरसन, जीई एयरोस्पेस के एच लॉरेंस कल्प जूनियर, गोल्डमैन सैक्स के डेविड सोलोमन, इलुमिना के जैकब थायसेन, मास्टरकार्ड के माइकल मीबैक, मेटा प्लेटफॉर्म्स की कार्यकारी दीना पॉवेल मैककॉर्मिक, माइक्रोन टेक्नोलॉजीज के संजय मेहरोत्रा, क्वालकॉम के क्रिस्टियानो एमोन और वीज़ा के रयान मैकइनर्नी के शामिल होने की भी उम्मीद है।
ट्रंप ने कहा, “हम चीन के साथ बहुत पैसा कमा रहे हैं। राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ मेरे बहुत अच्छे संबंध हैं। और मुझे लगता है कि आप इसे इस तरह देख सकते हैं कि होर्मुज से उन्हें अपने तेल का एक बड़ा हिस्सा, लगभग 40 प्रतिशत प्राप्त होता है।”
ट्रंप ने कहा, “कोई जहाज़ अंदर नहीं आ रहे हैं। वे खतरनाक जहाज़ आ रहे हैं जिनसे हमारी झड़पें हुई थीं। वो चाहते हैं कि यह काम हो जाए। शी जिनपिंग ऐसा नहीं चाहते। मैं आपको बता दूं, देखिए, मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। और उम्मीद है कि वो भी मेरा सम्मान करते हैं।” रविवार को, वाइट हाउस की प्रधान उप-प्रेस सचिव अन्ना केली ने कहा कि ट्रंप बुधवार शाम को बीजिंग पहुंचेंगे।
केली के अनुसार, अमेरिकी नेता गुरुवार को स्वागत समारोह और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक में शामिल होंगे, जिसके बाद वे टेंपल ऑफ हेवन जाएंगे और राजकीय भोज में शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों नेता शुक्रवार को चाय और लंच के लिए फिर से मिलेंगे और ये भी बताया कि अमेरिका इस साल के अंत में चीनी नेता की पारस्परिक यात्रा की योजना बना रहा है।