PM Modi: ‘पेट्रोल-डीजल बचाएं, सोना न खरीदें’, PM मोदी ने की अपील

PM Modi: दुनिया इस समय बड़े ऊर्जा संकट और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के दौर से गुजर रही है। कच्चे तेल की सप्लाई को लेकर वैश्विक चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे माहौल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से एक बड़ी और अहम अपील की है। प्रधानमंत्री ने लोगों से पेट्रोल, डीजल और गैस जैसी पेट्रोलियम चीजों का बहुत ही सोच-समझकर इस्तेमाल करने को कहा है। इतना ही नहीं, पीएम मोदी ने लोगों से एक साल तक सोने के नए गहने नहीं खरीदने की भी अपील की है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समय सिर्फ सरकार का नहीं, बल्कि पूरे देश का इम्तिहान है। उन्होंने साफ कहा कि विदेशी मुद्रा बचाना और देश के संसाधनों की रक्षा करना भी आज के समय में देशभक्ति का एक बड़ा हिस्सा है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आने वाले कच्चे तेल से पूरा करता है। ऐसे में अगर लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल और गैस का इस्तेमाल करेंगे, तो इसका सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच तेल की कीमतों और सप्लाई को लेकर पूरी दुनिया चिंता में है। प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझे और पेट्रोलियम उत्पादों का इस्तेमाल संयम के साथ करे। उन्होंने भरोसा जताया कि अगर देश के लोग मिलकर ईंधन बचाएंगे, तो भारत पर वैश्विक संकट का असर काफी कम किया जा सकता है।

पीएम मोदी ने कोरोना काल के दौरान अपनाए गए वर्क फ्रॉम होम मॉडल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, वहां दोबारा घर से काम करने की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही उन्होंने लोगों से ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की, ताकि अनावश्यक यात्रा और ईंधन की खपत कम हो सके। प्रधानमंत्री की अपील का सबसे ज्यादा चर्चा वाला हिस्सा सोने की खरीद को लेकर रहा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत में भारी मात्रा में सोना आयात किया जाता है और इस पर देश की बहुत बड़ी विदेशी मुद्रा खर्च होती है। उन्होंने पुराने समय की याद दिलाते हुए कहा कि युद्ध और संकट के दौर में लोग देशहित में अपना सोना तक दान कर देते थे।

हालांकि उन्होंने साफ किया कि सरकार को किसी से सोना दान में नहीं चाहिए, लेकिन देशहित में लोगों को कम से कम एक साल तक सोने के नए गहने खरीदने से बचना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि चाहे शादी हो, कोई बड़ा फंक्शन हो या पारिवारिक कार्यक्रम… लोगों को यह संकल्प लेना चाहिए कि वे एक साल तक सोने की नई खरीदारी नहीं करेंगे। प्रधानमंत्री ने किसानों से भी अपील की कि वे सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सस्ती खाद का सही तरीके से इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि जो खाद दुनिया में हजारों रुपये में बिक रही है, उसे भारत सरकार किसानों को बेहद कम कीमत पर उपलब्ध करा रही है।

 

इसके साथ ही पीएम मोदी ने यह भी बताया कि सरकार ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत आज सौर ऊर्जा के क्षेत्र में दुनिया के बड़े देशों में शामिल हो चुका है। पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने का काम तेजी से बढ़ाया जा रहा है, ताकि कच्चे तेल पर निर्भरता कम हो सके।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार अब पाइप गैस और सीएनजी जैसी व्यवस्थाओं को भी तेजी से बढ़ा रही है। उनका कहना था कि यही वजह है कि वैश्विक ऊर्जा संकट के बावजूद भारत मजबूती के साथ स्थिति का सामना कर पा रहा है। यानी साफ है कि बढ़ते वैश्विक तनाव और ऊर्जा संकट के बीच प्रधानमंत्री मोदी अब देश को सिर्फ सरकार के भरोसे नहीं, बल्कि जनभागीदारी के जरिए आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने का संदेश दे रहे हैं।

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *