Trump: मर्ज अपने ‘टूटे हुए देश’ पर ध्यान दें, ईरान युद्ध के बारे में सोचने में समय बर्बाद न करें- ट्रंप

Trump:  अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज पर एक बार फिर निशाना साधा, उन्होंने मर्ज को सलाह दी कि वह अपने “टूटे हुए देश” पर ध्यान दें और ईरान युद्ध के बारे में सोचने में समय बर्बाद न करें।

ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मर्ज को “रूस-यूक्रेन को युद्ध समाप्त कराने” और “अपने टूटे हुए देश को ठीक करने (खास तौर पर आव्रजन और ऊर्जा के मामले में)” पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए तथा ईरान युद्ध के बारे में सोचने में कम समय खर्च करना चाहिए।

इससे पहले बुधवार को ट्रंप ने धमकी दी थी कि अमेरिका जर्मनी में अपनी सैन्य मौजूदगी घटाने पर विचार कर रहा रहा है। जर्मनी उत्तर एटलांटिक संधि संगठन (नाटो) का एक प्रमुख सहयोगी और यूरोपीय संघ (ईयू) की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, जहां अमेरिका के कई अहम सैन्य प्रतिष्ठान हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि अमेरिका जर्मनी में सैनिकों की संख्या घटाने की संभावनाओं का अध्ययन कर रहा है और इस सिलसिले में जल्द फैसला लिया जाएगा।

उनकी यह धमकी मर्ज की इस टिप्पणी के बाद आई कि ईरान के खिलाफ युद्ध में अमेरिका के कूटनीतिक प्रयास बेहद सुस्त रहे हैं और वाशिंगटन को तेहरान से “अपमान” का सामना करना पड़ रहा है। ट्रंप राष्ट्रपति पद संभालने के बाद से ही जर्मनी में अमेरिका की सैन्य उपस्थिति घटाने के संकेत देते रहे हैं।

उन्होंने कहा है कि भविष्य में यूरोप को अपनी और यूक्रेन की सुरक्षा का ध्यान खुद रखना पड़ सकता है, हाल में ट्रंप ने ईरान युद्ध में अमेरिका की मदद करने से इनकार करने के लिए यूरोपीय देशों और नाटो की लगातार आलोचना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *