West Bengal Voting: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में करीब 90% मतदान, तैनात रहेंगी CAPF की 700 कंपनियां

West Bengal Voting: पश्चिम बंगाल में आज 142 सीटों पर मतदान कराए गए। बंगाल की जनता ने कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच दूसरे चरण में 1,448 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद कर दी। कुछ जगहों से टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं की झड़प की खबरें भी आईं। शाम पांच बजे तक 89.99 फीसदी मतदान हुआ। अब अंतिम घंटे में कतार में लगे मतदाता मतदान कर रहे हैं। चुनाव आयोग की ओर से आंकड़े जारी किए जाने के बाद अंतिम मतदान प्रतिशत में बदलाव हो सकता है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर में अपनी जीत का भरोसा जताया है, उन्होंने अपनी जीत को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने फेसबुक के जरिए दावा किया कि उनके पास मौजूद जानकारी के अनुसार भाजपा बंगाल में हार की कगार पर है। ममता बनर्जी ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस राज्य में दो-तिहाई बहुमत के साथ फिर से अपनी सरकार बनाने जा रही है। मतदान के बीच आए मुख्यमंत्री के इस बयान ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। उन्होंने साफ कर दिया है कि बंगाल की जनता का भरोसा एक बार फिर टीएमसी के साथ है।

उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस भारी बहुमत से सत्ता में वापसी कर रही है। मतदान के दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए विक्ट्री का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने शांतिपूर्ण मतदान की अपील की। उन्होंने दावा किया कि जनता विकास के नाम पर वोट दे रही है। बंगाल में आज दूसरे चरण के लिए वोट डाले जा रहे हैं। सभी की नजरें अब 4 मई को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान खत्म होते ही उत्तर 24 परगना के अरबिंद रैल इलाके में भारी हिंसा भड़क गई। यहां बूथ नंबर 120 पर टीएमसी और भाजपा के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई। इस झड़प में कई लोगों के घायल होने की खबर है। हिंसा की सूचना मिलते ही भारी संख्या में सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। इलाके में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा बलों ने फ्लैग मार्च शुरू कर दिया है।

नोआपाड़ा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने मतदान के अंतिम घंटों में गंभीर धांधली का आरोप लगाया है। अर्जुन सिंह के अनुसार, एक स्थानीय पार्षद के पति ने फर्जी तरीके से चार बूथों के कार्ड बनवा लिए हैं और वह जबरन मतदान केंद्रों में घुसकर वोट डाल रहा है। सिंह ने आरोप लगाया कि वहां मौजूद पीठासीन अधिकारी सब कुछ देखकर भी चुप हैं। उन्होंने इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से करने की बात कही है। भाजपा नेता ने दावा किया कि उनके समर्थकों को डराया जा रहा है ताकि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया जा सके।

पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण का मतदान संपन्न होने के बाद भी राज्य में सुरक्षा चाक-चौबंद रहेगी। चुनाव आयोग की तैनाती योजना के अनुसार, आज पोलिंग खत्म होने के बाद भी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 700 कंपनियां राज्य में ही रुकी रहेंगी। ये कंपनियां सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और कानून-व्यवस्था की ड्यूटी संभालेंगी। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि अगले आदेश तक ये बल बंगाल में तैनात रहेंगे ताकि चुनावी नतीजों से पहले और बाद में किसी भी तरह की हिंसा या गड़बड़ी को रोका जा सके। यह फैसला राज्य के संवेदनशील माहौल को देखते हुए लिया गया है।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *