Uttarakhand: देश के कई हिस्सों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, चिलचिलाती गर्मी से राहत पाने के लिए लोग पहाड़ों की ओर रुख कर रहे हैं। ‘पहाड़ों की रानी’ मसूरी में पर्यटकों की आमद में भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है; देश भर से लोग लू और गर्मी से बचने के लिए यहां पहुंच रहे हैं।
सैलानी बताते हैं कि पहाड़ों की ठंडी हवा और सुहावना मौसम गर्मी में राहत पहुंचाते हैं। कुछ सैलानियों के मुताबिक, गर्मी के मौमस में परिवार के साथ घूमने आने के लिए मसूरी सबसे बेहतर जगह है। रात के वक्त गिरता तापमान सुखद बोध कराता है।
भट्टा फॉल्स जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ है। पर्यटक ठंडे-ठंडे पानी, ताजी हवा और आस-पास के खूबसूरत नजारों का भरपूर आनंद ले रहे हैं। कुछ लोग परिवार के साथ यहां काफी देर तक समय बिता रहे हैं। गर्मियों की तेज धूप से राहत पाने के साथ ही वो प्रकृति की सुंदरता का लुत्फ उठा रहे हैं।
मैदानी इलाकों में लू के जारी रहने की संभावना के चलते आने वाले हफ्तों में मसूरी में और ज्यादा सैलानियों के आने की उम्मीद है। बढ़ते तापमान से राहत पाने की चाह रखने वाले हजारों लोगों के लिए ‘पहाड़ों की रानी’ लगातार ठंडे मौसम, प्राकृतिक सुंदरता और यादगार अनुभवों के लिए एक बेहतरीन जगह है।