Tehri Accident: चंबा-कोटीकॉलोनी मार्ग पर वाहन खाई में गिरा, सीएम धामी ने जताया दुख

Tehri Accident:  उत्तराखण्ड के टिहरी गढ़वाल से इस समय एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है, जहां थाना चंबा क्षेत्र के अंतर्गत चंबा-कोटी कॉलोनी रोड पर नैल के पास एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में करीब 10 लोग सवार बताए जा रहे थे और हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और बचाव कार्य में जुट गए। प्रारंभिक जानकारी में कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही थी, वहीं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने 8 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक दो घायलों को खाई से बाहर निकाला गया है, जिनमें एक व्यक्ति को हल्की चोटें आई हैं। घायल की पहचान उत्तम कुमार, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और मौके पर एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल खुद घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। पुलिस, SDRF और प्रशासन की संयुक्त टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगातार लगी हुई हैं। जानकारी के मुताबिक वाहन ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग घनसाली क्षेत्र के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी थे, जो हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। पहाड़ी मार्गों पर इस तरह की घटनाएं एक बार फिर सतर्क ड्राइविंग और वाहन नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *