Human Robot: टेस्ला इंसान जैसे रोबोट ‘ऑप्टिमस’ को उचित समय पर भारत में लाएगी

Human Robot: अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार विनिर्माता टेस्ला ने कहा कि वह इंसान की तरह दिखने एवं काम करने वाले ह्यूमनॉयड रोबोट ‘ऑप्टिमस’ को उचित समय पर भारत में पेश करेगी।

टेस्ला की एशिया-प्रशांत क्षेत्र प्रमुख इसाबेल फैन ने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि कंपनी इस वर्ष अमेरिका में ‘ऑप्टिमस’ का बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू करेगी और भविष्य में ह्यूमनॉयड रोबोट मानव जीवन का अहम हिस्सा बनेंगे।

फैन ने संवाददाताओं से कहा कि इस तरह के रोबोट का उपयोग इंसान के साथी के रूप में, खतरनाक कार्यों को करने और घरेलू चिकित्सा सहायता जैसी जरूरतों के लिए किया जा सकता है।
उन्होंने ऑप्टिमस रोबोट की भारत में पेशकश के बारे में पूछे जाने पर कहा, “जब समय उपयुक्त होगा, तब हम अन्य बाजारों की तरह इन उत्पादों और प्रौद्योगिकियों को भारत में भी लाएंगे। यही हमारा लक्ष्य है।”

फैन ने यह भी कहा कि टेस्ला भविष्य में भारत में अपने वर्टिकली इंटीग्रेटेड एनर्जी सॉल्यूशंस कारोबार को लाने पर भी विचार कर रही है। इसमें सौर ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण और उपयोग समाधान शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि भारत में सौर ऊर्जा की पर्याप्त संभावनाएं हैं और उपयुक्त समय आने पर कंपनी इस क्षेत्र में भी कदम रख सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *