Israel: इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने लेबनान में 10 दिन के युद्धविराम पर सहमति जताई है। नेतन्याहू ने एक वीडियो बयान में कहा कि यह कदम लेबनान के साथ शांति प्रयासों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
इजराइल और लेबनान ने इस सप्ताह वाशिंगटन में शांति समझौते की दिशा में बातचीत शुरू की है। हालांकि, पिछले छह सप्ताह से इजराइल के साथ संघर्ष कर रहा चरमपंथी हिजबुल्ला इस वार्ता का विरोध कर रहा है।
नेतन्याहू ने कहा, ‘‘हमारे पास लेबनान के साथ एक ऐतिहासिक शांति समझौता करने का अवसर है।’’ हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इजराइली सैनिक दक्षिणी लेबनान में विस्तारित सुरक्षा क्षेत्र में तैनात रहेंगे, जो ‘‘पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत, व्यापक और निरंतर’’ होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हम यहीं पर हैं, और हम यहां से नहीं जा रहे हैं।’’ इजराइल लेबनान से सीधे तौर पर नहीं लड़ रहा है, बल्कि लेबनान के अंदर ईरान समर्थित हिजबुल्ला चरमपंथी समूह से लड़ रहा है।
हिजबुल्ला ने एक बयान में कहा, ‘‘कोई भी युद्धविराम पूरे लेबनानी क्षेत्र में लागू होना चाहिए और इसमें इजराइल को किसी तरह की आवाजाही की छूट नहीं मिलनी चाहिए।’’ हालांकि हिजबुल्ला ने यह भी कहा, ‘‘हमारी जमीन पर इजराइली कब्जा लेबनान और उसके लोगों को उसका प्रतिरोध करने का अधिकार देता है और आगे की स्थिति घटनाक्रम के अनुसार तय होगी।’’