Noida Protest: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर कल हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद नोएडा के फेज 2 में प्रदर्शनकारी आज फिर से जमा हो गए। उन्होंने पत्थरबाजी की है। हालात को काबू में करने के लिए यहां पुलिस तैनात कर दी गई है। प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, फेज 2 के सेक्टर 80 इलाके में सुबह नौ बजे पथराव किया गया था। यहां पथराव करने वालों पर लाठीचार्ज किया गया, तब भीड़ हटी। बताया जा रहा है कि गुरु अमरदास इंटरनेशनल कंपनी में यह पथराव हुआ था। घरेलू सहायिकाओं ने भी वेतन वृद्धि को लेकर विरोध शुरू कर दिया है। मंगलवार को सेक्टर-121 स्थित Cleo County में घरेलू सहायिकाओं ने प्रदर्शन किया। मामला इतना बढ़ गया कि सोसायटी प्रबंधन को पुलिस बुलानी पड़ी।
एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर राजीव नारायण मिश्रा ने कहा, हमने 350 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल किया, वे अफवाहें फैला रहे थे और गलत जानकारी दे रहे थे। कुछ लोग नए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप्स और एक्स के जरिए गुमराह करने वाली जानकारी फैला रहे थे। इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
आज, कई कंपनियों में मजदूर काम पर लौट रहे हैं। कुछ जगहों पर, कुछ मजदूर आए और उन्होंने अपनी मांगें पूरी करने की मांग की। हमने उनके साथ सब्र से बातचीत की और उन्हें समझाया। मुख्यमंत्री ने एक उच्च-स्तरीय समिति बनाई है। उस समिति ने कल मौके का दौरा किया, और मजदूरों के हित में कई फेसले लिए गए हैं। हमारे पास सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल सबूत हैं, और जो लोग पकड़े गए हैं, वे किसी न किसी तरह की गड़बड़ी में शामिल थे, समाज-विरोधी गतिविधियों में लिप्त थे, और राष्ट्रीय राजमार्गों तथा राज्य राजमार्गों को जाम कर रहे थे।’