US Iran News: अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की हो सकती है वार्ता

US Iran News:  अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता हो सकती है, सूत्रों ने ये जानकारी दी। अमेरिका के दो अधिकारियों और इस घटनाक्रम से परिचित एक और अधिकारी ने बताया कि अगले हफ्ते युद्धविराम खत्म होने से पहले दोनों पक्ष समझौते तक पहुंचने के लिए फिर से आमने-सामने वार्ता करने पर विचार कर रहे हैं, ताकि छह हफ्ते से जारी युद्ध खत्म किया जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि वार्ता के नए दौर को लेकर चर्चा अब भी जारी है। मध्यस्थता कर रहे देशों में से एक देश के राजनयिक ने कहा कि ईरान और अमेरिका नए दौर की वार्ता करने पर सहमत हो गए हैं। इन चारों अधिकारियों ने अपना नाम गोपनीय रखे जाने की शर्त पर ये जानकारी दी।

राजनयिक और अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि ये साफ नहीं है कि वार्ता में शामिल होने वाले प्रतिनिधिमंडल में समान स्तर के नेता रहेंगे या नहीं। राजनयिक और अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि मेजबान स्थल के तौर पर पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पर एक बार फिर विचार किया जा रहा है।

अमेरिकी अधिकारियों ने ये भी कहा कि इसके लिए जिनेवा भी एक संभावित स्थान है। उन्होंने कहा कि हालांकि स्थान और समय अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन वार्ता गुरूवार को हो सकती है।

इस मामले में टिप्पणी के लिए ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास और कार्यालय) को भेजे गए संदेशों का अभी कोई जवाब नहीं मिला है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा था, ‘‘दूसरे पक्ष ने हमसे संपर्क किया है और वे समझौते पर काम करना चाहते हैं।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *