Asha Bhosle: भारतीय क्रिकेट जगत ने देश के साथ मिलकर दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया, आशा भोसले का निधन रविवार को मुंबई में 92 वर्ष की आयु में हो गया। भारतीय संगीत इतिहास की सबसे प्रतिष्ठित आवाजों में से एक, आशा भोसले को एक दिन पहले ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार को शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में होगा। जैसे ही आशा भोसले के निधन की खबर आई, क्रिकेट जगत से भी श्रद्धांजलि का तांता लग गया।
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने आशा भोसले को “परिवार” बताते हुए एक भावपूर्ण संदेश साझा किया। तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर लिखा, “भारत और दुनिया भर के संगीत प्रेमियों के लिए यह एक बेहद दुखद दिन है। हमारे लिए आशा ताई परिवार थीं। आज हमारे दुख को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। एक पल के दिल खामोश हो जाता है, और अगले ही पल वह उनके द्वारा दिए गए अनगिनत मधुर गीतों में खो जाता है”
उन्होंने कहा “ऐसा लगता है मानो समय थम गया हो। फिर भी, उनके चिरस्थायी गीतों के माध्यम से वे हमेशा अमर रहेंगी। ताई, हमारे जीवन को स्नेह, गरिमा और अविस्मरणीय संगीत से भरने के लिए धन्यवाद। हम आपको शब्दों से परे याद करेंगे” भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “आशा भोसले जी, आपकी आत्मा को शांति मिले। आपकी आवाज़ ने लाखों लोगों को छुआ और हमेशा हमारे दिलों में बसी रहेगी। ओम शांति।”
भारतीय पुरुष टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी अपना दुख व्यक्त करते हुए आशा भोसले की कला को “अति सुंदर” और “अतुलनीय” बताया।गंभीर ने लिखा, “दिग्गज आशा भोसले जी के निधन से व्यथित हूं। उनकी गरिमा और अतुलनीय प्रतिभा हमेशा हमारी यादों में रहेगी।”
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने कहा कि आशा भोसले के गीत उनके बचपन का अभिन्न अंग थे, जबकि तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि उनकी चिरस्थायी आवाज़ ने जीवन के हर पड़ाव को छुआ है और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इन सबके अलावा भी खेल जगत से कई और हस्तियों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।