Pakistan: ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख से मुलाकात की

Pakistan: ईरान के एक प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर से मुलाकात की और अमेरिका के साथ शांति वार्ता और द्विपक्षीय मामलों पर चर्चा की। इस प्रतिनिधिमंडल में ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर कलिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अरघची शामिल थे। ये प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार रात को अमेरिकी उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ शांति वार्ता के लिए इस्लामाबाद पहुंचा था।

प्रधानमंत्री शरीफ ने दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा की थी और कहा था कि अमेरिका और ईरान इस हफ्ते के अंत में इस्लामाबाद में वार्ता करेंगे। सरकारी समाचार एजेंसी प्रेस टीवी ने बताया कि शनिवार सुबह ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री शरीफ और सेना प्रमुख मुनीर समेत अन्य वरिष्ठ पाकिस्तानी नागरिक और सैन्य नेताओं से मुलाकात की, हालांकि उसने इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।

ये शांति वार्ता ईरान पर अमेरिका-इजरायल युद्ध में दो सप्ताह के विराम के दौरान हो रही है, जिसकी शुरुआत 28 फरवरी को अमेरिका द्वारा ईरान पर हमले से हुई थी। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि शरीफ ने उप-राष्ट्रपति वेंस की अगुवाई वाली अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात की, जो वार्ता में हिस्सा लेने के लिए आज सुबह यहां पहुंचा था।

अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर शामिल हैं। बयान में कहा गया है, “प्रधानमंत्री ने दोनों प्रतिनिधिमंडलों की रचनात्मक रूप से बातचीत करने की प्रतिबद्धता की सराहना की और उम्मीद जताई की ये वार्ता क्षेत्र में स्थायी शांति की दिशा में एक कदम साबित होगी।”

शरीफ ने दोहराया कि पाकिस्तान दोनों पक्षों को स्थायी समाधान की दिशा में प्रगति करने में मदद करने के अपने प्रयासों को जारी रखने के लिए तत्पर है। विदेश मंत्री इशाक डार ने आशा व्यक्त की कि दोनों पक्ष रचनात्मक रूप से बातचीत करेंगे और संघर्ष के स्थायी और टिकाऊ समाधान तक पहुंचने के लिए दोनों पक्षों की सहायता जारी रखने की पाकिस्तान की इच्छा को दोहराया।

अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता पर वैश्विक स्तर पर कड़ी नजर रखी जा रही है, क्योंकि इसके परिणाम पश्चिम एशिया की सुरक्षा, वैश्विक ऊर्जा बाजारों और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति को महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *