Ramayana: फिल्म ‘रामायण’ के निर्माता नमित मल्होत्रा ने कहा कि फिल्म की टीम “हर बातचीत, उत्साह और विचारशील प्रतिक्रिया” को महत्व देती है और उन्हें उम्मीद है कि वे इस साल दिवाली पर फिल्म को बड़े पैमाने पर रिलीज करेंगे।
निर्देशक नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर राम के रूप में, रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में और यश रावण के रूप में नजर आएंगे। फिल्म के हालिया टीजर ने एक बहस छेड़ दी है, जिसमें कुछ लोग इसके भव्य निर्माण की प्रशंसा कर रहे हैं, वहीं कई लोग स्पेशल इफेक्ट्स की आलोचना कर रहे हैं।
फिल्म के निर्माता और वीएफएक्स कंपनी डीएनईजी के प्रमुख मल्होत्रा ने टीजर लॉन्च के कुछ दिन बाद फिल्म के बारे में अपडेट साझा किया।
उन्होंने लिखा, “पिछले कुछ दिनों में मिली प्रतिक्रिया सचमुच अद्भुत, प्रेरणादायक और विनम्रतापूर्ण रही है। ये देखकर कि हमारी ‘रामायण’ दुनिया भर में अनगिनत दिलों को छू रही है, मैं गहरी कृतज्ञता और खुशी से भर जाता हूं। मैं हर बातचीत, उत्साह और विचारशील प्रतिक्रिया को बहुत महत्व देता हूं। ये एक ऐसी कहानी है जो अरबों लोगों की आत्माओं में अंकित है।”
निर्माता ने कहा कि पर्दे के पीछे, इस परियोजना पर हजारों कलाकार और सहयोगी काम कर रहे हैं और वे “हर पहलू में उत्कृष्टता प्रदान करने के लिए अविश्वसनीय रूप से भावुक, ऊर्जावान और प्रतिबद्ध हैं।”
उन्होंने कहा, “हम ध्यान से सुन रहे हैं, लगन से काम कर रहे हैं और इस कालजयी गाथा को वो सम्मान दिलाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं जिसका ये हकदार है। ये हमारी रामायण है। ये हम सभी की है। साझा भावना और हर भारतीय को गौरवान्वित करने की अपार जिम्मेदारी ही मुझे हर दिन प्रेरित करती है।”
निर्माता ने कहा, “आपने अब तक जो देखा है वे तो बस शुरुआत है। हम सब मिलकर अपनी संस्कृति और विरासत का जश्न मनाते हुए इस दिवाली पर इस महागाथा को भव्य पैमाने पर साकार करने का प्रयास कर रहे हैं।”